पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
संवाददाता, बशीरहाट
बादुरिया थानांतर्गत दक्षिण गुड़दह ग्राम में जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों में जमकर मारपीट हुई. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य घायल हैं.
इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनके नाम जमात मंडल और फिरोज मंडल है. दोनों पिता और पुत्र है. एक आरोपी मुन्ना मंडल की तलाश की जा रही है. मारपीट में मारे गये व्यक्ति का नाम मंटू मंडल (52) है. वर्षों से एक पुरानी जमीन को लेकर उनका और पड़ोस के ही जमात मंडल के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इनके विवाद को लेकर ही चार दिन पहले एक ‘सालिसी सभा’ कर समस्या का समाधान किया गया था. पंचायत ने ‘सालिसी सभा‘ के जरिये फैसला सुनाया कि जमीन का मालिक मंटू मंडल है.
इसके बाद ही दोनों परिवारों में और विवाद बढ़ गया था. बताया जा रहा है कि मंगलवार को फिर दोनों परिवार में जमकर मारपीट हुई. इसमें मंटू की मौत हो गयी. बाकी घायलों को रुद्रपुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की खबर पाकर मौके पर बादुरिया थाने की पुलिस पहुंची. इलाके में तनाव को देख पुलिस पिकेट लगाया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
