कोलकाता से विकास कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Firhad Hakeem: विधायकों के कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआइडी ने अपनी जांच तेज कर दी है. इसी क्रम में गुरुवार शाम जांच टीम कोलकाता के मेयर और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम के चेतला स्थित आवास पर पहुंची. सीआइडी सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता इस मामले में उनका बयान दर्ज करने और कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने गये थे. जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला विधानसभा में विपक्ष के नेता के चयन को लेकर आयोजित एक बैठक से जुड़ा है.
बैठक में उपस्थिति को लेकर हो रही जांच
आरोप है कि बैठक में कुछ विधायक अनुपस्थित थे, लेकिन प्रस्ताव पत्र में उनके नाम के सामने हस्ताक्षर दर्ज पाये गये. इस पूरे घटनाक्रम की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, फिरहाद हकीम उस बैठक में मौजूद थे और प्रस्ताव पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में शामिल थे. इसी कारण सीआइडी उनके बयान को जांच के लिए महत्वपूर्ण मान रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बैठक में वास्तव में कौन-कौन उपस्थित था और प्रस्ताव पत्र पर हस्ताक्षर किस परिस्थिति में किये गये. इसी कड़ी में बैठक से जुड़े विभिन्न व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इस मामले में दो नेताओं का हो चुका है निलंबन
मामले में पार्टी से जुड़े ऋतब्रत और संदीपन को पहले ही निष्कासित किया जा चुका है. वहीं, तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी का नाम भी विवाद में सामने आया है. सीआइडी ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए वह पहली बार उपस्थित नहीं हुए. अब उन्हें आठ जून को भवानी भवन में पेश होने का निर्देश दिया गया है.
Also Read: बंगाल में तेज विकास चाहती है भाजपा, विशेष आर्थिक पैकेज देने से फिलहाल बच रहा केंद्र
