गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नयी जानकारी आयी सामने
प्रतिनिधि, बारासात.
दत्तपुकुर हत्याकांड की जांच में पुलिस को नयी-नयी जानकारियां मिल रही हैं. मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी मोहम्मद जलील गाजी और उसकी पत्नी सूफिया ने ही वारदात को अंजाम दिया है. गिरफ्तार अन्य आरोपी ओबेदुल्ला और उसकी पत्नी पूजा दास उर्फ निशा की मामले में संलिप्तता सामने नहीं आयी है. बारासात पुलिस जिला की एसपी प्रतीक्षा झारखरिया ने बताया कि जलील और उसकी पत्नी में हजरत के खिलाफ काफी समय से आक्रोश था. दंपती ने सात दिन पहले हत्या की साजिश रची थी. पहले धारदार हथियार और केरोसिन तेल लाकर घर में रख लिया. फिर दो फरवरी को जलील की पत्नी ने गाइघाटा निवासी हजरत को ऑनलाइन कॉल कर अपने घर बामनगाछी शराब पार्टी के बहाने बुलाया. हजरत शराब की बोतल और चिप्स लेकर पहुंचा. सूफिया उसे बाजेतपुर स्थित एक घर में पार्टी करने की बात कहकर खेत के रास्ते से हजरत को वहां लेकर जाने लगी. दोनों के पीछे जलील धारदार लेकर आ रहा था. बीच रास्ते में ही पति-पत्नी ने मिलकर हजरत की हत्या कर दी. उसका सिर काटकर घटनास्थल से 200 मीटर दूर फेंक दिया था.
बता दें कि तीन फरवरी को दत्तपुकुर के मालियापुर ग्राम स्थित खेत से हजरत का सिर विहीन शव मिला था. 15 दिनों बाद पुलिस ने उसका सिर दूसरी जगह से बरामद किया था. आरोप है कि जलील की पत्नी के साथ हजरत जबरन अवैध संबंध बनाया था. साथ ही चोरी के सोना के बंटवारे को लेकर भी जलील से उसका विवाद था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
