मानव तस्करी के मामले में व्यवसायी से हुई पूछताछ

बार-रेस्टोरेंट की आड़ में मानव तस्करी रैकेट के मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फिर कार्रवाई तेज कर दी है.

संवाददाता, कोलकाता.

बार-रेस्टोरेंट की आड़ में मानव तस्करी रैकेट के मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फिर कार्रवाई तेज कर दी है. इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह व्यवसायी अजमल सिद्दिकी को ईडी ने तलब किया. सिद्दिकी सॉल्टलेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय पहुंचा. उसके साथ कुछ दस्तावेज भी देखे गये. खबर लिखे जाने तक उससे पूछताछ जारी थी. सिद्दिकी तृणमूल कांग्रेस के माइनॉरिटी सेल का नेता भी रह चुका है. गौरतलब है कि सात नवंबर को कोलकाता व आसपास के कुछ इलाकों में ईडी ने ताबड़तोड़ छापेमारी की थी. अभियान के दौरान ईडी ने करीब 1.01 करोड़ रुपये नकद, कई डिजिटल उपकरण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और दो लग्जरी वाहन जब्त किये थे. इस मामले की जांच के दायरे में सिद्दिकी के अलावा जगजीत सिंह, विष्णु मुंदड़ा और उनके सहयोगियों भी हैं. यह मामला बागुईआटी की उस घटना से जुड़ा है, जिसकी प्राथमिकी कुछ साल पहले पुलिस थाने में दर्ज हुई थी. ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि यह संगठित रैकेट मुख्य रूप से बार-कम-रेस्टोरेंट और डांस बारों के जरिये संचालित किया जा रहा था.

इस गिरोह के सदस्य गरीब और असहाय महिलाओं को रोजगार का झांसा देकर वेश्यावृत्ति में धकेलते थे. इस गैरकानूनी गतिविधि से करोड़ों रुपये की अवैध आय की जाती थी. आरोप यह भी है कि कई कंपनियों के माध्यम से धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) कर वैध दिखाने की कोशिश की जा रही थी. मामले से जुड़े आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत पश्चिम बंगाल पुलिस ने पहले से प्राथमिकी दर्ज की थी. इन्हीं मामलों के आधार पर ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की है. केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा संगठित मानव तस्करी व अवैध आय के नेटवर्क की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUBODH KUMAR SINGH

SUBODH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >