कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट
बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार और किसी भी तरह के अनैतिक आचरण को लेकर कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी की नीति और अनुशासन के खिलाफ जाकर किसी भी गतिविधि में शामिल पाये जाने वाले शख्स की जिम्मेदारी संगठन नहीं लेगा. उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पूरी पारदर्शिता के साथ काम करने और ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश दिया है, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है.
संगठन के हर स्तर पर लागू होगी चेतावनी
भाजपा के संगठनात्मक व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से प्रसारित संदेश में शमिक भट्टाचार्य ने भ्रष्टाचार और गलत कामों के प्रति पार्टी के ‘जीरो टॉलरेंस’ के रुख को स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि यह चेतावनी बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक संगठन के प्रत्येक सदस्य पर लागू होती है. उन्होंने कहा कि हाल ही में पत्रों और संदेशों के माध्यम से विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं से जुड़ीं कुछ अवांछित गतिविधियों और अनियमितताओं की जानकारी उनके संज्ञान में आयी है. पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा : यदि कोई भी व्यक्ति पार्टी के सिद्धांतों से परे जाकर किसी भी अनैतिक या भ्रष्ट गतिविधि में शामिल होता है, तो पार्टी इसकी जिम्मेदारी कभी नहीं लेगी. यह चेतावनी ऐसे समय आयी है, जब मई में राज्य की सत्ता में आने के बाद से भाजपा से जुड़े लोगों पर जबरन वसूली के आरोप लगते रहे हैं.
ईमानदारी, पारदर्शिता और विचारधारा को बताया ताकत
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और विचारधारा भाजपा की मुख्य ताकत हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भ्रष्टाचार के खिलाफ शून्य-सहनशीलता की नीति और देश सेवा के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यही भाजपा के कामकाज की नींव हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की प्रतिष्ठा और जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की. उनके अनुसार, किसी व्यक्ति के निजी आचरण से संगठन की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए.
भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई के संकेत
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार के दुराचार के मामले में पार्टी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चलेगी. उन्होंने संकेत दिया कि आरोपों के मामले में किसी व्यक्ति के पद या संगठन में उसकी भूमिका को देखते हुए नरमी नहीं बरती जायेगी. जरूरत पड़ने पर संगठनात्मक कार्रवाई के साथ कानूनी कदम भी उठाये जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक संघर्ष और त्याग किया है. ऐसे में किसी व्यक्ति के निजी आचरण से संगठन की प्रतिष्ठा पर आंच नहीं आनी चाहिए.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जनसेवा और जनता का विश्वास सर्वोच्च
भाजपा नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया है. संदेश में जनसेवा को संगठन का प्रमुख उद्देश्य बताते हुए कहा गया है कि जनता का विश्वास बनाये रखना हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी की जिम्मेदारी है. शमिक भट्टाचार्य ने राज्य, जिला, क्षेत्रीय, मंडल व बूथ स्तर के सभी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुशासन, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि संगठन की प्रतिष्ठा और जनता के विश्वास की रक्षा करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है.
Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में
