भाजपा विधायक शंकर घोष ने समाप्त की भूख हड़ताल

सिलीगुड़ी से भाजपा विधायक शंकर घोष ने शुक्रवार को अपनी एकदिवसीय भूख हड़ताल समाप्त कर दी.

विपक्षी विधायकों के संवैधानिक अधिकारों और एमएलएएलएडी योजना को लेकर किया था अनशन

संवाददाता, कोलकाता

सिलीगुड़ी से भाजपा विधायक शंकर घोष ने शुक्रवार को अपनी एकदिवसीय भूख हड़ताल समाप्त कर दी. उन्होंने यह भूख हड़ताल पश्चिम बंगाल में विपक्षी विधायकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा तथा विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमएलएएलएडी) की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग को लेकर गुरुवार को शुरू की थी. भूख हड़ताल के समापन के अवसर पर शंकर घोष ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

इसके बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि नेताजी ने अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष किया था, लेकिन आज पश्चिम बंगाल में जिस तरह सत्तारूढ़ पार्टी के नेता विपक्षी जनप्रतिनिधियों पर दबाव बना रहे हैं, वह उसी दौर की याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को समाप्त करने के उद्देश्य से ही उन्होंने यह भूख हड़ताल शुरू की थी.

भाजपा विधायक ने राज्य सरकार और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को लगातार परेशान किया जा रहा है और उनके निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों में जानबूझकर बाधाएं खड़ी की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायकों के संवैधानिक अधिकारों को सीमित किया जा रहा है. शंकर घोष ने यह भी कहा कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत मिलने वाली राशि पहले से ही सीमित होती है और यदि उसके उपयोग में भी राजनीतिक हस्तक्षेप या रोक लगायी जाती है, तो आम जनता के लिए होने वाले विकास कार्य सीधे तौर पर प्रभावित होते हैं.

उन्होंने जिला प्रशासन पर विकास निधि के वितरण में जानबूझकर देरी करने और अड़चनें डालने का आरोप लगाया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी से टकराव करना नहीं है, बल्कि विपक्षी विधायकों के अधिकारों की रक्षा करना और अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए निर्बाध विकास कार्य सुनिश्चित करना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >