कोलकाता से गोपाल की रिपोर्ट
Bengal Weather: कोलकाता. राज्य में भले ही अगले दो दिनों के भीतर तापमान में कोई बहुत बड़ी बढ़ोतरी दर्ज नहीं की जायेगी, लेकिन उमस और बेचैनी वाली असहज गर्मी का दौर फिलहाल जारी रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में दक्षिण बंगाल के जिलों में अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकती है है. हालांकि, इसके बाद तापमान में बहुत विशेष बदलाव नहीं देखा जायेगा. कोलकाता में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहने के साथ-साथ तेज धूप खिली रही.
उमस और चिपचिपी गर्मी का करना होगा सामना
मंगलवार को महानगर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. वहीं, मौसम वैज्ञानिकों ने साफ किया है कि अगले दो दिनों तक लोगों को बेहद असहज और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जबकि गुरुवार से स्थानीय स्तर पर गरज वाले बादल बनने के कारण बारिश की शुरुआत हो सकती है. आगामी दो दिनों के दौरान राज्य के पश्चिमी जिलों में पारा 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की आशंका है. हालांकि, गुरुवार से उत्तर और दक्षिण बंगाल, दोनों ही हिस्सों में आंधी-तूफान की तीव्रता काफी बढ़ जायेगी.
खास बात
आंधी-तूफान से प्रभावित होने वाले क्षेत्र : उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया.
मौसम की स्थिति : गरज के साथ भारी बारिश, वज्रपात की आशंका.
हवा की रफ्तार : 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी तेज हवाएं.
दो तरफा चक्रवातों से आ रही नमी
मौसम कार्यालय के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिम बंगाल से सटे पड़ोसी राज्यों झारखंड व ओडिशा के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र (साइक्लोन) बना हुआ है. इसके साथ ही, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य से सटे समुद्री इलाकों में एक और चक्रवात सक्रिय है. इन दोनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव के कारण राज्य के वायुमंडल में भारी मात्रा में जलवाष्प (पानी की भाप) का प्रवेश हो रहा है. यही कारण है कि दोनों बंगाल (उत्तर और दक्षिण) में गरज के साथ बारिश के लिए बेहद अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उत्तर बंगाल में शुष्क मौसम, गुरुवार से भारी वर्षा
दूसरी तरफ, बुधवार को उत्तर बंगाल के तीन से चार जिलों के मैदानी भागों में गर्मी और उमस का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा. मुख्य रूप से दार्जिलिंग, अलीपुरदुआर और कूचबिहार के निचली तलहटी वाले मैदानी इलाकों में यह असहज स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, राहत की बात यह है कि गुरुवार से समूचे उत्तर बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है. इस मौसमी बदलाव की वजह से सप्ताहांत में तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जायेगी, जिससे लोगों को इस भीषण उमस और बेचैनी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
Also Read: बंगाल में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले तीन दिनों में चार डिग्री तक चढ़ेगा पारा
