कोलकाता/हल्दिया से अमित शर्मा की रिपोर्ट
दक्षिण बंगाल में सप्ताहांत के दौरान खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने दीघा समेत पूर्व मेदिनीपुर के समुद्री तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है. पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 12 जुलाई तक दीघा में समुद्र स्नान पर फिलहाल प्रतिबंध रहेगा. मछुआरों को भी समुद्र में जाने की अनुमति नहीं है. प्रशासन के अनुसार, दीघा, शंकरपुर, मंदारमणि सहित सभी प्रमुख समुद्र तटों पर सुबह से ही माइकिंग कर पर्यटकों को समुद्र में नहीं उतरने की अपील की गयी.
समुद्र तट पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात
समुद्र में ऊंची लहरें और तेज धार को देखते हुए किसी तरह का जोखिम नहीं उठाने का फैसला किया गया है. शनिवार शाम रामनगर के विधायक चंद्रशेखर मंडल ने दीघा समुद्र तट का निरीक्षण किया. उनके साथ दीघा-शंकरपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने समुद्र तट की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिये. एहतियात के तौर पर समुद्र तट पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कई स्थानों पर ज्वार का प्रभाव बढ़ा
प्रशासन का कहना है कि कई स्थानों पर ज्वार का प्रभाव बढ़ गया है. समुद्र में सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक ऊंची लहरें उठ रही हैं और जलधारा भी काफी तेज है. ऐसे में समुद्र में जाना खतरनाक हो सकता है. इसी कारण दीघा, मंदारमणि, शंकरपुर समेत पूरे तटीय क्षेत्र के निवासियों, पर्यटकों और मछुआरों को सतर्क रहने तथा सरकारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गयी है.
Also Read: बंगाल की खाड़ी में डूबी अल फतेहा, ऊंची लहरों से जूझ कर 12 मछुआरों ने बचायी जान
