मुख्य बातें
Bengal Weather: कोलकाता. पश्चिम बंगाल में बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं. एक ओर उत्तर बंगाल में लगातार हो रही भारी बारिश से राहत मिलने की संभावना है. वहीं, दक्षिण बंगाल में कालबैसाखी, तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग ने बुधवार से शनिवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज हवाएं, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.
हर इलाके में अलग-अलग मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश तट तक उत्तर-दक्षिण दिशा में एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो झारखंड और ओडिशा से होकर गुजर रही है. इसी कारण पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में मौसम के अलग-अलग स्वरूप देखने को मिल रहे हैं. समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा के तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
दक्षिण बंगाल में आंधी-तूफान की आशंका
मंगलवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पश्चिम बर्धमान में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. हालांकि, कुछ स्थानों पर आंशिक बादल और हवाओं के कारण थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से शुक्रवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है.
रविवार से मौसम होगा सामान्य
कोलकाता के अलावा बीरभूम, मुर्शिदाबाद, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, हुगली और दक्षिण 24 परगना में कालबैसाखी की स्थिति बन सकती है. शनिवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में छिटपुट आंधी और बारिश जारी रह सकती है, जबकि रविवार से मौसम में सुधार होने की संभावना जतायी गयी है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उत्तर बंगाल में तेज हवा के साथ बारिश
उत्तर बंगाल में अगले 24 से 48 घंटों तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है, लेकिन बुधवार से इसकी तीव्रता कम होने लगेगी. मंगलवार के लिए जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दार्जिलिंग से मालदा तक सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
उत्तर बंगाल में धीरे-धीरे थमेगी बारिश
बुधवार को दक्षिण दिनाजपुर और जलपाईगुड़ी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं, गुरुवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से रविवार के बीच उत्तर बंगाल में बारिश धीरे-धीरे कम होगी, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.
Also Read: दक्षिण बंगाल के 11 जिलों में आंधी का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत
