मुख्य बातें
नैहाटी से श्रीकांत शर्मा की रिपोर्ट
Bengal News: बंगाल की भोली-भाली लड़कियों को अपनी चिकनी-चुपड़ी और बेहतर जिंदगी दिलाने का वादा कर 15 लड़कियों से शादी कर उनकी जिंदगी बर्बाद करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी मौका मिलते ही पैसा और गहने लेकर फरार हो जाता था. उत्तर 24 परगना के नैहाटी थाने की पुलिस ने उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम मोनियुर रहमान उर्फ मानिक राय है. आरोपी बहूबाजार इलाके का रहनेवाला बताया जा रहा है. नैहाटी की एक युवती की शिकायत के आधार पर नैहाटी थाने की पुलिस ने आरोपी मोनिउर रहमान को मंगलवार को गिरफ्तार किया.
मैट्रिमोनियल साइट के जरिये करता था संपर्क
पुलिस के पास शिकायत करने वाली युवती ने बताया है कि वह मानिक ( मोनिउर रहमान ) से उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिये तीन महीने पहले हुई थी. जान-पहचान के बाद हमारी दोस्ती गहरी हो गयी. फिर वह धीरे-धीरे इमोशनल प्रेशर डालने लगा. पहले तो उसने पैसे की डिमांड की, लेकिन धीरे-धीरे पर ज्वेलरी भी मांगने लगा. महिला ने स्वीकार किया कि उसने अबतक मानिक को 85 हजार रुपये और एक सोने की ब्रेसलेट दिया है. वह कहता था कि वह जल्द ही शादी कर लेगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
प्रेम जाल में फंसा कर चल रहा था लूटने का खेल
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोनिउर रहमान अपना नाम बदल कर लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाता और उसके बाद उससे शादी कर लेता. नैहाटी थाने की पुलिस ने आरोपी को तब गिरफ्तार किया, जब वह फिर से एक लड़की को शादी कर ठगने में लगा हुआ था. पुलिस अब इस मामले में उन तमाम लड़कियों से पूछताछ करेगी, जिनसे मोनिउर के शादी करने की बात सामने आ रही है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच अभी जारी है.
Also Read: कोलकाता: अर्धनग्न अवस्था में मिले लिव-इन कपल के शव, युवती के सिर पर चोट के निशान
