कहीं से भी दर्ज हो सकती है शिकायत, जांच की प्रगति का भी पता चल सकेगा
संवाददाता, बनगांवशिकायत दर्ज कराने के लिए अब थाना जाने की जरूरत नहीं होगी. दर्ज मामले की प्रगति भी घर बैठे ही जानी जा सकती है. उत्तर 24 परगना जिले का बनगांव पुलिस जिला ने एक ऐसा मोबाइल एप्लीकेशन (ऐप) लॉन्च किया है, जिससे यह सुविधा मिल सकेगी. इसका नाम ‘पुलिस मित्र’ रखा गया है. दावा किया गया है कि राज्य में आम आदमी की सुविधा के लिए पुलिस की यह पहली ऐसी पहल है. इस ऐप का एक और फायदा यह है कि शिकायतकर्ता वीडियो कॉल पर जांच अधिकारी से बात कर मामले की प्रगति जान सकेगा. बनगांव जैसे सीमावर्ती इलाकों में अपराधों की संख्या अपेक्षाकृत ज्यादा है. इसलिए पुलिस और प्रशासन इन इलाकों को विशेष महत्व देता है. बनगांव पुलिस प्रशासन ने पुलिस और आम आदमी के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए यह पहल की है. इस ऐप के जरिये शिकायतकर्ता घर हो या बाहर, कहीं से भी सीधे पुलिस से संपर्क कर सकेगा. पुलिस से मदद मांग सकेगा. शिकायत भी दर्ज कर सकेगा. पुलिस को उम्मीद है कि यह ऐप कानून-व्यवस्था बनाये रखने से लेकर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और आरोपियों को पकड़ने तक, हर काम आसान कर देगा.कैसे काम करेगा मोबाइल ऐप
बनगांव जिला पुलिस क्षेत्र में ””पुलिस मित्र”” ऐप के लॉन्च के बारे में बनगांव जिला पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि आने वाले दिनों में अगर बनगांव क्षेत्र के निवासियों को कोई शिकायत दर्ज करानी है, तो उन्हें अब पुलिस स्टेशन नहीं भागना पड़ेगा. वे हमारे मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर आसानी से शिकायत दर्ज करा सकते हैं. उन्होंने आगे कहा कि इस ऐप में किसी मामले की जांच की प्रगति का विस्तृत विवरण उपलब्ध होगा. जरूरत पड़ने पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये जांच अधिकारी से बात करने की भी सुविधा है. बंगाल में पहली बार ऐसा ऐप लॉन्च किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
