बैरकपुर. उत्तर 24 परगना के बैरकपुर-कल्याणी एक्सप्रेसवे के किनारे मोहनपुर मोड़ के पास एक पूर्व नौसेना कर्मी पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. वह एक दुकान पर चिकन खरीदने पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक पहुंचे युवक ने दुकान से धारदार हथियार उठा कर उन पर हमला कर दिया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
क्या है घटना
पुलिस के मुताबिक, घायल पूर्व नौसेना कर्मी का नाम दीपंकर सरकार (60) है. आरोपी की पहचान श्याम पासवान (25) के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. बुधवार सुबह दीपंकर सरकार मोहनपुर मोड़ के पास बैरकपुर-कल्याणी एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित एक मटन दुकान पर खरीदारी कर रहे थे. इसी दौरान श्याम पासवान अचानक वहां पहुंचा और दुकान में रखे धारदार हथियार से उनके पेट में वार कर दिया. वह मौके पर ही गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बैरकपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर बाद में उन्हें सेना के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है.
मानसिक रूप से बीमार है बेटा : आरोपी की मां
इधर, आरोपी युवक की मां शांति देवी ने दावा किया है कि उनका बेटा मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है. वह अक्सर घर पर ही रहता था. कुछ दिन इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ था, लेकिन फिर से तबीयत बिगड़ गयी. परिवार का यह भी कहना है कि वह सामान्य तौर पर ऐसा नहीं करता और संभव है कि किसी बात पर उकसाये जाने के बाद उसने यह कदम उठाया हो.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.