आज से पांच दिन बैंक बंद, 27 को देशव्यापी हड़ताल

बैंकिंग सेवाओं से जुड़े ग्राहकों के लिए असुविधा भरे दिन शुरू हो गये हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है.

कोलकाता.

बैंकिंग सेवाओं से जुड़े ग्राहकों के लिए असुविधा भरे दिन शुरू हो गये हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है. इसके चलते शुक्रवार से लगातार पांच दिनों तक बैंक बंद रहेंगे. जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बैंक बंद हैं. 24 जनवरी को चौथा शनिवार, 25 जनवरी को रविवार और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा. इसके बाद 27 जनवरी को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. इस दिन देशभर के सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे. हड़ताल के चलते एटीएम सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी, हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी.

यह हड़ताल वेतन संशोधन को लेकर भारतीय बैंक संघ (आइबीए) की सैद्धांतिक सहमति के बावजूद सरकार द्वारा अंतिम निर्णय नहीं लिए जाने के कारण की जा रही है. कोलकाता में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक सुदीप दत्ता ने यह जानकारी दी.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की कुल नौ यूनियनें शामिल हैं. इनमें ऑल इंडिया बैंक इम्प्लॉइज एसोसिएशन (एआइबीइए), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (एआइबीओसी), नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ बैंक इम्प्लॉइज (एनसीबीइ), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआइबीओए), बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीइएफआइ), इंडियन नेशनल बैंक इम्प्लॉइज फेडरेशन, इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस, नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स और नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक ऑफिसर्स शामिल हैं.इन यूनियनों ने 27 जनवरी को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया है, जिसमें लगभग आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी भाग लेंगे. ये कर्मचारी सार्वजनिक क्षेत्र, निजी क्षेत्र, विदेशी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंकों में कार्यरत हैं.

बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है. वर्तमान में बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं. बैंक यूनियन चाहती हैं कि सभी शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहें. यूनियनों का कहना है कि मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान आइबीए के साथ इस मांग पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू करने की अधिसूचना जारी नहीं की गयी है.

हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से नैतिक समर्थन की मांग

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (एआइबीओसी) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से 27 जनवरी की प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के लिए नैतिक समर्थन मांगा है. मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में एआइबीओसी की पश्चिम बंगाल इकाई ने कहा कि यूएफबीयू ने हड़ताल इसलिए बुलाई है क्योंकि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग लागू करने का आश्वासन बार-बार दिया गया, लेकिन यह प्रस्ताव लगभग दो वर्षों से केंद्रीय वित्त मंत्रालय के पास लंबित है. मुख्यमंत्री का समर्थन पश्चिम बंगाल के बैंक कर्मचारियों का मनोबल बढ़ायेगा, जो आम जनता, किसानों, स्वयं सहायता समूहों की सेवा करने और सरकारी योजनाओं को लागू करने में अहम भूमिका निभाते हैं. संगठन ने यह भी भरोसा दिलाया कि हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >