ठाकुरनगर कांड : शांतनु ठाकुर का एक और समर्थक गिरफ्तार

गिरफ्तार व्यक्ति का नाम हराधन हल्दर है, जो बागदा थाना क्षेत्र के हेलेंचा का निवासी बताया गया है.

ममता बाला ठाकुर और शांतनु ठाकुर के समर्थकों में झड़प का मामला

बनगांव. एसआइआर को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर के एक बयान के बाद ठाकुरनगर के ठाकुरबाड़ी स्थित उनके आवास के सामने हुए बवाल के मामले में रविवार को पुलिस ने शांतनु ठाकुर के एक और समर्थक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति का नाम हराधन हल्दर है, जो बागदा थाना क्षेत्र के हेलेंचा का निवासी बताया गया है. इससे पहले इसी मामले में शांतनु ठाकुर के समर्थक बरुण विश्वास को गिरफ्तार किया जा चुका है. इस तरह अब तक कुल दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. बनगांव सांगठनिक जिला भाजपा के अध्यक्ष विकास घोष ने आरोप लगाया है कि पुलिस तृणमूल कांग्रेस के दबाव में काम कर रही है.

गौरतलब है कि केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर के एक बयान को लेकर गत 24 दिसंबर को तृणमूल सांसद ममता बाला ठाकुर समर्थित ऑल इंडिया मतुआ महासंघ की ओर से एक रैली निकाली गयी थी. रैली के बाद कुछ लोग ठाकुरनगर स्थित शांतनु ठाकुर के आवास पहुंचे थे. आरोप है कि इसी दौरान शांतनु ठाकुर के समर्थकों ने रैली पर हमला कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना के बाद ममता बाला ठाकुर और शांतनु ठाकुर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के समर्थकों पर हमला करने के आरोप लगाये थे. ममता बाला ठाकुर का आरोप था कि मतुआ समुदाय के लोग केंद्रीय मंत्री से सवाल करने गये थे, लेकिन उनके समर्थकों पर हमला किया गया. इस दौरान मतुआ समुदाय के एक समर्थक की जमकर पिटाई भी की गयी थी. पुलिस ने इस घटना को लेकर कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले की जांच जारी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >