कोलकाता. अस्पताल से इलाज के बाद घर लौटी 63 वर्षीया महिला को कमरे में अचेत हालत में पाया गया. उसे स्थानीय अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत करार दिया. घटना बेहला थानाक्षेत्र स्थित पशुपति भट्टाचार्य रोड की है. मृतका का नाम टिंकारी दास बताया गया है. खबर पाकर बेहला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला कि महिला किडनी से जुड़ी बीमारी से पीड़ित थी. इसके पहले अन्य शारीरिक समस्याओं के कारण उसे 23 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद उसे एक सितंबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वृद्धा को घर में कमरे के पास अचेत हालत में पड़ा देखा गया. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाने पर वहां उसकी मौत हो गयी. उसकी मौत कैसे हुई, पुलिस इसका पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
