केंद्रीय योजनाएं लागू नहीं करती राज्य सरकार : पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मालदा जिले में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गरीबों की कल्याणकारी योजनाओं को रोकने और केंद्रीय योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंचने देने का भी आरोप लगाया.

कोलकाता.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मालदा जिले में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गरीबों की कल्याणकारी योजनाओं को रोकने और केंद्रीय योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंचने देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बंगाल को मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए या नहीं? राज्य के लोगों का वास्तविक कल्याण तभी होगा, जब यहां कोई बाधक सरकार नहीं हो, बल्कि जनता के पक्ष में काम करने वाली भाजपा सरकार हो.

उन्होंने कहा : मैं चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल के हर गरीब परिवार को अपना स्थायी घर मिले. जिन लोगों का हक है, उन्हें मुफ्त राशन मिले. मैं चाहता हूं कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के लिए शुरू की गयीं कल्याण योजनाओं का पूरा लाभ आप तक पहुंचे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा क्योंकि केंद्र से भेजे गये पैसे को तृणमूल कांग्रेस नेता हड़प रहे हैं.

प्रधानमंत्री ने राज्य में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के लागू नहीं होने का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा : आज पश्चिम बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां आयुष्मान भारत लागू नहीं हुआ है. तृणमूल कांग्रेस सरकार बंगाल में मेरे भाइयों और बहनों को इसके लाभ से वंचित कर रही है. ऐसी निर्दयी सरकार को बंगाल से विदाई देना जरूरी है.

क्षेत्र के विकास का वादा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार मालदा और पश्चिम बंगाल का पुराना गौरव और वैभव बहाल करेगी और किसानों व युवाओं के लिए नये अवसर लायेगी. उन्होंने जिले के प्रसिद्ध आम का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भाजपा सत्ता में आयेगी, हम मालदा की आम अर्थव्यवस्था को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचायेंगे. हालिया चुनावी सफलताओं का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा को अब उन क्षेत्रों में भी अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है, जहां इसे पहले कमजोर माना जाता था.

उन्होंने महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों के परिणाम और केरल में पार्टी की बढ़त का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का विकास मॉडल मतदाताओं, खासकर युवाओं का विश्वास जीत रहा है. उन्होंने कहा : आज आपका उत्साह देखकर मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ कह रहा हूं कि इस बार पश्चिम बंगाल के लोग भी भाजपा को विजयी बनायेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bijay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >