बशीरहाट. हाड़ोवा थाना के घासखाली गांव में दुकान बंद करके शुक्रवार रात घर लौट रही पांच माह की गर्भवती देवयानी मंडल (33) से मारपीट करने का आरोप उसके पड़ोसियों पर लगा है. आरोप है कि घर लौटते समय रास्ते में कुछ पड़ोसियों ने फब्तियां कसी थीं, विरोध करने पर उन्होंने महिला की पिटाई की. पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों के खिलाफ थाने में शिकायत की है. पीड़िता ने बताया कि वह घर के पास ही अपनी दुकान बंद कर लौट रही थी. तभी कुछ पड़ोसियों ने उसके साथ गाली-गलौज और तरह-तरह की अभद्र भाषा कहीं. उसने विरोध किया, तो उन लोगों ने उसकी पिटाई कर दी. उसके पेट पर लात मारे. महिला जमीन पर गिर गयी. खबर पाकर पीड़िता के परिजनों ने पहुंच कर उसे अस्पताल ले गये. पता चला कि उसके गर्भ में पल रहा पांच महीने का बच्चा भी जख्मी हुआ है. पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ हाड़ोवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
