कोलकाता : डाबर इंडिया लिमिटेड ने सौ फीसदी आयुर्वेदिक उत्पाद डाबर ‘कब्ज ओवर’ के लांच के साथ अपने आयुर्वेदिक हेल्थकेयर पोर्टफोलियो में विस्तार के साथ पूर्वी भारत के बाजार पर कब्जे का लक्ष्य रखा है. डाबर इंडिया लिमिटेड के ब्रांड मैनेजर वरूण गट्टानी व कॉरपोरेट संचार के प्रमुख ब्यास आनंद ने सोमवार को कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में नये उत्पाद ‘कब्ज ओवर’ लांच करते हुए कहा कि कॉमेडी सुपरस्टार कपिल शर्मा को ब्रांड एंबेस्डर बनाने की घोषणा की.
श्री गट्टानी ने कहा कि संगठित और असंगठित रूप से कब्ज के आयुर्वेदिक दवाओं का कुल बाजार 1000 करोड़ रुपये का है. इसमें डाबर की भागीदारी 35-40 करोड़ रुपये की है, जबकि लैक्सेटिव कैटेगिरी में कुल बाजार 500 करोड़ रुपये की है. डाबर के इस श्रेणी में अभी उत्पाद नहीं थे, लेकिन ‘कब्ज ओवर’ के लांच के साथ डाबर ने इस श्रेणी में कदम रखा है. आरंभ में बाजार की प्रतिक्रिया काफी संतोषजनक है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, बिहार और उत्तर पूर्वी राज्यों की भागीदारी 35 से 40 फीसदी है.
उम्मीद है कि इस श्रेणी में उत्पाद से डाबर इस क्षेत्र में तेजी से बाजार की भागीदारी बढ़ाने में सफल होगा. डाबर के कॉरपोरेट संचार के प्रमुख ब्यास आनंद ने कहा कि ऑनलाइन कंपनी के उत्पादों की बिक्री हो रही है. फिलहाल कुल बिक्री उत्पादों में 1.5 फीसदी बिक्री ऑनलाइन प्लेटफार्म से हो रही है. अगले वर्ष तक इसे बढ़ाकर 2 फीसदी करने का लक्ष्य रखा गया है.
