कोलकाता : अकेले रहनेवाले वृद्ध नागरिकों के घर जाकर पुलिस उनका हाल जान रही है. कोलकाता पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा के निर्देश के बाद गुरुवार सुबह से ही महानगर के विभिन्न अंचलों में पुलिस वृद्ध लोगों के घरों में पहुंची.
उन्हें अकेले रहने के दौरान कोई भी दिक्कत होने पर प्रणाम हेल्पलाइन नंबर पर 9830088884 फोन करने को कहा गया. डीसी (ईस्ट डिविजन) रूपेश कुमार भी कई घरों में पहुंचे. वहां बुजुर्गों के साथ समय बिताया. उनसे बेझिझक पुलिस की मदद लेने का आग्रह किया.
कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (1) अतिरिक्त प्रभार (मुख्यालय) जावेद शमीम ने बताया कि कोलकाता पुलिस की तरफ से प्रणाम संस्था के जरिये पुलिस वयस्क नागरिकों का ख्याल रखती है. उनके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिसमें कभी भी जरूरत के समय वे फोन कर पुलिस की मदद ले सकते हैं.
गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाके में वयस्क नागरिकों से मिल कर जो अभियान चलाया गया, उनमें जिन मकानों में वृद्ध व्यक्ति रहते हैं, उनके पड़ोसियों से भी मुलाकात की गयी. उनसे भी अपने पड़ोसी का ख्याल रखने को कहा गया. किसी भी समय जरूरत पड़ने पर वे भी इन वयस्क नागरिकों के लिए पुलिस को फोन कर सकते हैं, जिससे उन्हें समय पर पुलिस की मदद मिल सके.
इसके अलावा प्रणाम संस्था के सदस्यों की संख्या को भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, जिससे शहर में अकेले घरों में रहनेवाले ज्यादा से ज्यादा वृद्ध उनकी नजर व देखरेख में रह सके.
ज्ञात हो कि हाल ही में शहर में रहनेवाले वृद्ध नागरिकों की हत्या की घटना के बाद बुधवार को कोलकाता पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा ने शहर के सभी थाने के प्रभारी व डीसी को वृद्ध नागरिकों की सुरक्षा में और ज्यादा तत्परता दिखाने का निर्देश दिया था.
हेल्पलाइन नंबर 9830088884 पर फोन कर पुलिस की मदद ले सकेंगे बुजुर्ग नागरिक
