कोलकाता : विभिन्न योजनाओं के जरिये ज्यादा रिटर्न का प्रलोभन देकर निवेशकों से 200 करोड़ रुपये जुटा कर फरार होने वाली चिटफंड कंपनी न्यू लैंड एग्रो इंडस्ट्रीज के कोलकाता समेत राज्यभर में 22 ठिकानों पर सीबीआइ की टीमों ने सोमवार को छापेमारी की.
सीबीआइ सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता के बऊबाजार में कंपनी के चेयरमैन दीपंकर राय व प्रबंध निदेशक सौरजीत दे के दफ्तर में भी छापेमारी की गयी. सीबीआइ सूत्र बताते हैं कि इस चिटफंड कंपनी के अधिकारियों पर धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं. सुप्रीम कोर्ट द्वारा पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओड़िशा में सक्रिय चिटफंड कंपनियों के खिलाफ जांच के निर्देश के बाद सीबीआइ ने वर्ष 2017 में न्यू लैंड एग्रो इंडस्ट्रीज के 11 अधिकारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया था. इसमें चेयरमैन दीपंकर राय एवं प्रबंध निदेशक सौरजीत दे का नाम भी शामिल था.
सीबीआइ की टीम कंपनी के लेनदेन की जांच कर रही है. सोमवार को कोलकाता के बऊबाजार के साथ बर्दवान, बांकुड़ा, बीरभूम, दुर्गापुर, आसनसोल में कंपनी के कुल 22 दफ्तरों पर एक साथ छापेमारी की गयी. तकरीबन 15 घंटे तक चली छापेमारी में कई दफ्तरों से जांच से संबंधित कागजात, बैंक अकाउंट, नगदी लेनदेन का हिसाब रखने वाले रजिस्टर के अलावा कंप्यूटर के हार्ड डिस्क भी जब्त किये गये हैं. कुछ ठिकानों में सोमवार रात तक छापेमारी चली. सीबीआइ अधिकारियों का कहना है कि जब्त कागजातों की जांच करने के बाद कंपनी के खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी.
