कोलकाता : कलकत्ता विश्वविद्यालय ने स्नातक में प्रवेश के लिए एडमिशन की प्रक्रिया 10 जुलाई तक बढ़ा दी है. पहले यह समय सीमा छह जुलाई तक थी, लेकिन विभिन्न कॉलेजों में स्नातक के पाठ्यक्रमों में सीट रिक्त होने के कारण विश्वविद्यालय प्रबंधन ने यह फैसला लिया है तथा दाखिला प्रक्रिया की तिथि 10 जुलाई तक बढ़ा दी है.
सीयू से संबंद्ध कॉलेजों को 10 जुलाई तक रिक्त सीटों को भरने का निर्देश दिया गया है, हालांकि कुछ कॉलेजों के प्रिंसिपलों का कहना है कि प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय, जादवपुर विश्वविद्यालय तथा वेस्ट बंगाल ज्वाइंट इंटरेंस एक्जामिनेशन बोर्ड की काउंसेलिंग की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही रिक्त सीटों की संख्या पता चल पायेगा. कॉलेजों के प्रिंसिपलों को आशंका है कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश के बावजूद 10 जुलाई तक सभी रिक्त सीटों को भरना संभव नहीं हो पायेगा.
मध्य कोलकाता के महिला कॉलेज की प्रमुख ने बताया कि वे लोग अंडर ग्रेजुएट छात्रों के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं मंगलवार से शुरू करेंगे, जबकि दूसरे चरण की कक्षाएं आठ जुलाई से शुरू होगी. इस कारण वास्तविक रिक्त सीटों का पता नौ जुलाई के बाद ही चल पायेगा, हालांकि काउंसेलिंग समाप्त होने के बाद ही सही स्थिति साफ हो पायेगी.
