हावड़ा सदर तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष व मंत्री अरुप राय ने कहा- कानून अपना काम करेगा
हावड़ा : बेलूड़ थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर एक पुलकार और बाइक के बीच हुई मामूली टक्कर के बाद तृणमूल कांग्रेस के दो पूर्व पार्षदों के समर्थकों के बीच जमकर बवाल हुआ. बवाल इस कदर बढ़ा कि दोनों पूर्व पार्षद के समर्थक थाने के सामने ही भिड़ गये और एक दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे और पत्थर बरसाया.
इस दौरान थाना परिसर में ही गोली चलने की भी खबर है. मार-पीट में मनोज चौधरी और पंकज सिंह नामक दो युवक घायल हुए हैं. मनोज को स्थानीय जायसवाल अस्पताल और पंकज को डबसन रोड स्थित एक नर्सिंग होम में दाखिल कराया गया है. पंकज के सिर पर गंभीर चोट लगी है.
मामला इस कदर गरमाया की पुलिसकर्मियों को थाने के अंदर छुपना पड़ा. बेलूड़ थाने के बाहर तृणमूल कांग्रस के दो गुटों में मार-पीट होता देख पुलिस को थाने का मुख्य दरवाजा कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा. वार्ड नंबर 61 के पूर्व पार्षद राजीव थमन ने जहां इस पूरी घटना के लिए वार्ड संख्या 62 के पूर्व पार्षद कैलाश मिश्रा को जिम्मेवार ठहराया, वहीं कैलाश मिश्रा ने इस घटना के लिए भाजपा को दोषी करार दिया. कैलाश ने कहा कि वार्ड 61 के भाजपा समर्थकों ने थाने के सामने हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया.
वहीं तृणमूल के जिलाध्यक्ष (सदर) व मंत्री अरूप राय ने अपने दल के दोनों पूर्व पार्षद को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह किसी भी हाल में कानून हाथ में नहीं लें. पुलिस दोषियों के खिलाफ कानूनी तौर पर कार्रवाई करेगी.जानकारी के अनुसार, सोमवार जीटी रोड पर एक टोटो चालक और बाइक के बीच टक्कर हुई थी. बताया जाता है कि बाइक सवार 62 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस के एक नेता का संबंधी है, जबकि टोटो चालक 61 नंबर वार्ड के तृणमूल कांग्रेस का समर्थक था.दुर्घटना के बाद टोटो चालक और बाइक चालक के बीच शुरू हुआ झगड़ा धीरे-धीरे बड़ा रुप ले लिया.
इस दौरान वार्ड 61 और 62 नंबर वार्ड के तृणमूल समर्थक मौके पर पहुंचे और अपने-अपने समर्थक के लिए भीड़ गये. घटना की खबर लगते ही बेलुड़ थाने की पुलिस भी वहां पहुंची और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर थाने ले आयी. गिरफ्तार होने की खबर मिलते ही राजीव थमन अपने समर्थकों के साथ बेलुड़ थाना पहुंचे.
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार व्यक्ति 61 नंबर वार्ड का होने के कारण राजीव थमन थाना पहुंचे थे इतने में 62 नंबर वार्ड के पार्षद कैलाश मिश्रा भी अपने समर्थकों के साथ वहा पहुंचे. आरोपी है कि इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के लोग आपस में भिड़ गये. आरोप है कि इसी दौरान थाना परिसर में ही एक राउंड गोली भी चली. हमले में दोनों पक्षों के कुछ कार्यकर्ता घायल हुए हैं. पुलिस टोटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
