कोलकाता : भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि अलिपुरदुआर और कूचबिहार में तृणमूल ने पुलिस की मदद से 90 बूथ को पूरी तरह अपने कब्जे में लेकर वोट किया. आलम यह है कि पुलिस के जवान खुद कैमरा के सामने स्वीकार कर रहे हैं कि तृणमूल के लोगों से उनको जान का खतरा है. वह लोग सुरक्षित अपने घर कैसे जायेंगे इस बात को लेकर वह लोग दहशत में हैं.
उन्होंने कहा कि जहां पर केंद्रीय बल तैनात रहा, वहां पर मतदान तो शांतिपूर्ण ढ़ंग से हुआ, लेकिन राज्य पुलिस के जवान जहां पर तैनात थे, वहां पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने बूथ पर कब्जा करके अपनी मर्जी से मतदान करवाया. इससे शर्मिंदगी भरा क्या हो सकता है कि हाथ में हथियार लेकर पुलिस के जवान अपनी जान का रोना रो रहे हैं. इस बाबत भाजपा के नेता शिशिर बाजोरिया और जयप्रकाश मजुमदार ने चुनाव आयोग से लिखित शिकायत दर्ज करवा कर कार्रवाई करने की मांग की है.
राहुल सिन्हा ने कहा कि जिस माहौल में यहां चुनाव हुआ है, उसे देखते हुए मतदान प्रक्रिया का मजाक उड़ानेवाले पुलिस के 15 से लेकर 20 जवानों को तुरंत सस्पेंड करना होगा. अगर चुनाव आयोग ने सख्ती की तो पुलिस के अंदर हड़कंप मच जायेगा और पुलिस अपनी जान बचाने के लिए निष्पक्ष हो जायेगी. अगर ऐसा होता है तो चुनाव में आम लोग अपना वोट कर सकेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से यह खबर फैला रहे हैं कि आरएसएस के साथ तृणमूल का समझौता हो गया है. यह सब कुछ वामपंथी और तृणमूल के कुछ भ्रष्ट नेता साजिश के तहत फैला रहे हैं.
