अब तक 10.35 करोड़ रुपये जब्त

लोकसभा चुनाव : काला धन के प्रयोग पर चुनाव आयोग सख्त भारी मात्रा में आभूषण व शराब भी जब्त कोलकाता : लोकसभा चुनाव में काला धन का प्रयोग नहीं हो, इसके लिए राज्यभर में पुलिस व आयकर विभाग का अभियान जारी है. राज्य के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय बसु ने बुधवार को संवाददाताओं को […]

लोकसभा चुनाव : काला धन के प्रयोग पर चुनाव आयोग सख्त

भारी मात्रा में आभूषण व शराब भी जब्त
कोलकाता : लोकसभा चुनाव में काला धन का प्रयोग नहीं हो, इसके लिए राज्यभर में पुलिस व आयकर विभाग का अभियान जारी है. राज्य के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय बसु ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि अब तक राज्य में चलाये गये विभिन्न अभियानों के दौरान 10.35 करोड़ रुपये जब्त किये गये हैं. इसके साथ ही 9.75 करोड़ रुपये मूल्य के सोना, चांदी समेत अन्य आभूषण आयकर विभाग ने जब्त किये हैं. राज्य में अब तक 48,074 लीटर शराब, 22,386 लीटर देशी शराब जब्त की जा चुकी हैं.
मिल रही हैं शिकायतें, हो रहा निपटारा
श्री बसु ने बताया कि नेशनल ग्रीवांस सेल से 760 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 319 का निबटारा कर दिया गया. आम नागरिकों से 1079 शिकायतें आयोग को मिलीं, जिनमें 505 का निबटारा कर लिया गया. ‘सीविजिल’ के जरिये चुनाव आयोग के समक्ष 1689 शिकायतें की गयीं, जिनमें 1074 सही पायी गयीं और जरूरी कार्रवाई की गयी.
पहले व दूसरे चरण के नामांकण पत्र की जांच पूरी
लोकसभा चुनाव के पहले चरण और दूसरे चरण के मतदान के लिए उम्मीदवारों के नामांकन पत्र की जांच की प्रक्रिया पूरी हो गयी है. पहले चरण के तहत राज्य में कूचबिहार (एससी) और अलीपुरद्वार (एसटी) सीटों पर चुनाव होंगे. कूचबिहार (एससी) सीट पर 11 उम्मीदवारों द्वारा जमा किये नामांकन पत्र वैध हैं. वहीं अलीपुरद्वार (एसटी) सीट पर सात उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध हैं, जबकि एक उम्मीदवार के नामांकन पत्र को खारिज कर दिया गया है.
दूसरे चरण के तहत राज्य में जलपाईगुड़ी (एससी), दार्जिलिंग और रायगंज सीटों पर चुनाव होंगे. नामांकन पत्र की जांच के बाद जलपाईगुड़ी (एससी) सीट पर जमा किये गये 12 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाये गये, जबकि चार उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिये गये हैं. दार्जिलिंग में 19 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध हैं और दो उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिये गये हैं. इधर रायगंज सीट से 14 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध हैं जबकि एक उम्मीदवार का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई बैठक
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरिज आफताब व राज्य पुलिस के एडीजी (कानून-व्यवस्था) सिद्धनाथ गुप्ता के बीच बुधवार को अहम बैठक हुई. सूत्रों के अनुसार बैठक में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत राज्य के कूचबिहार और अलीपुरद्वार सीट पर होने वाले मतदान के मद्देनजर वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई. चुनाव के दौरान अर्द्धसैनिक बलों के साथ समन्वय समेत अन्य मुद्दा भी बैठक का अहम हिस्सा बना.
विशेष केंद्रीय पुलिस पर्यवेक्षक की हुई नियुक्ति
चुनाव आयोग ने केके शर्मा, सेवानिवृत्त महानिदेशक, बीएसएफ को पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए विशेष केंद्रीय पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. वे वर्ष 1982 बैच के आइपीएस अधिकारी थे. वे बंगाल और झारखंड दोनों राज्यों में तैनाती व अन्य सुरक्षा संबंधी मुद्दों की देखरेख करेंगे.
चुनाव कर्मचारियों के लिए मेडिकल किट
इस बार चुनाव की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए चुनाव आयोग मेडिकल किट मुहैया करायेगा. इसमें विभिन्न तरह की दवाइयां, बैंडेज, मच्छर मारने की क्वाइल व अन्य सामग्री रहेगी. इसकी मांग राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने चुनाव आयोग से की थी, जिसे चुनाव आयोग ने स्वीकारते हुए पूरे देश में मेडिकल किट मुहैया कराने का फैसला किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >