होली के पहले ही कोलकाता पुलिस की तरफ से लोगों को किया गया था सतर्क
गिरफ्तार आरोपियों पर शराब के नशे में अपने इलाकों में अशांति फैलाने का आरोप
कोलकाता : होली के दिन पूरे महानगर के विभिन्न इलाकों से शराब के नशे में हुड़दंग मचाने के आरोप में पुलिस ने कुल 174 लोगों को गिरफ्तार किया है. कोलकाता पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसमें सबसे अधिक गिरफ्तारी इएसडी (फूलबागान व आसपास) इलाकों से हुई है. इस इलाके से पुलिस ने 48 हुड़दंगियों को गिरफ्तार किया है. जबकि उत्तर कोलकाता से 37, जादवपुर इलाके से 25, पोर्ट के विभिन्न इलाकों से 18, मध्य कोलकाता से 13, दक्षिण कोलकाता से पांच और बेहला इलाके से पुलिस ने सबसे कम दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
लालबाजार सूत्रों के मुताबिक, होली के पहले से स्थानीय थाने की तरफ से विभिन्न इलाकों में घोषणा की गयी थी कि किसी भी तरह की अशांति फैलानेवालों से कोलकाता पुलिस सख्ती से निपटेगी. इसी के तहत होली के दिन महानगर के जिन-जिन इलाकों से पुलिस को शिकायत मिली, उन इलाकों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हुड़दंगियों को गिरफ्तार किया. बाद में अधिकतर को जमानत पर रिहा कर दिया गया.
