कोलकाता : महानगर के जानेमाने रीयल एस्टेट कंपनी सिद्धा ग्रुप को केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (इडी) की तरफ से नोटिस भेजा गया है. नोटिस में नोटबंदी के समय बिक्री किये गये फ्लैट के बारे में जानकारी देने को कहा गया था. बताया जा रहा है कि नोटिस मिलने के बाद इसके जवाब में सिद्धा ग्रुप की तरफ से एक अधिकारी कुछ कागजातों के साथ सॉल्टलेक में स्थित इडी दफ्तर पहुंचे थे.
वहां उस अधिकारी ने नोटिस में मांगे गये जवाब से संबंधित कागजात इडी अधिकारियों को सौंपे. इसके बाद वह इडी दफ्तर से बाहर निकल गये. इडी सूत्रों का कहना है कि इस मामले से संबंधित कागजातों की जांच करने के बाद वे आगे की जांच करेंगे.
क्या कहना है कंपनी का
दूसरी तरफ, इस नोटिस के सिलसिले में सिद्धा ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजय जैन ने बताया कि तकरीबन तीन वर्ष पहले नोटबंदी के समय एक फ्लैट एक ग्राहक को बेचा गया था. गवाह के तौर पर उसी से संबंधित कागजात इडी की तरफ से सिद्धा ग्रुप से मांगे गये थे. इस नोटिस के बाद सिद्धा ग्रुप के ग्राहक सेवा अधिकारी इडी दफ्तर पहुंचकर कागजात सौंप आये हैं. श्री जैन ने कहा कि इस मामले में सिद्धा ग्रुप का कोई लेना-देना नहीं है. फ्लैट खरीदनेवाले एक ग्राहक को लेकर उनसे कागजात मांगे गये थे, जिसे जांच एजेंसी को सौंप दिया गया है.
