कोलकाता : राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि अगर चौकीदार इतना ही चौकस है, तो देश का लाखों करोड़ों रुपये लेकर मेहुल चौकसी, विजय माल्या व नीरव मोदी जैसे भगोड़े कैसे देश से भाग गये.
शनिवार को टाउनहॉल में पत्रकारों को संबाेधित करते हुए उन्होंने कहा कि दरअसल राफेल की दलाली में देश के 30 हजार करोड़ रुपये डुबोनेवाले से और उम्मीद ही क्या की जा सकती है. प्रधानमंत्री और अमित शाह की जोड़ी दरअसल विरोधी दलों की एकता से घबड़ाई हुई है. यही वजह है कि वह लोग विरोधी दलों के नेताओं को चोर साबित करने पर तुले हुए हैं. हालांकि वह यह भूल जाते हैं कि विरोधी दलों के नेता लाखों लोगों की नुमाइंदगी करते हुए कैसे चोर हो गये.
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की ईमानदारी पर किसी को सवाल उठाने का कोई हक नहीं है. दरअसल ये लोग विदेशी एजेंट हैं और देश को विदेशों के हाथों में बेचना चाहते हैं. घुसपैठियों को निकालने की बात करते हुए वह लोग देश में दंगा करवाना चाहते हैं. भाषा और प्रांत के नाम पर लोगों को बांटने की साजिश कर रहे हैं. आलम यह है कि इनकी गलत नीतियों के कारण देश का किसान आत्महत्या करना चाह रहा है. 55 महीने में ये लोग देश का सर्वनाश कर दिये. जनता इनसे तंग आ चुकी है और वह दोबारा इन्हें सत्ता में नहीं आने देगी.
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सोमेन मित्रा द्वारा तृणमूल कांग्रेस के साथ समझौता नहीं करने की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए फिरहाद हकीम ने कहा कि वह बच्चों जैसी बातें कर रहे हैं. कांग्रेस के एक फीसदी वोट से किसी का कुछ भला होनेवाला नहीं है. बंगाल के कांग्रेसियों में कितना दम है, यह सभी जानते हैं. लिहाजा उनकी बातों पर प्रतिक्रिया देने का कोई तुक नहीं है.
