कोलकाता : पूरे राज्य में वामपंथी दलों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ‘देशप्रेम दिवस’ के रूप में मनायी. इसके उपलक्ष्य में बुधवार को राजा सुबोध मल्लिक स्क्वायर से रैली निकाली गयी. रैली विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई रेड रोड स्थित नेताजी की मूर्ति के पास समाप्त हुई.
रैली में वाममोरचा के प्रदेश अध्यक्ष विमान बसु, माकपा के राज्य सचिव डॉ सूर्यकांत मिश्रा, फॉरवर्ड ब्लॉक के वरिष्ठ नेता नरेन चटर्जी समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे. नेताजी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर वामपंथी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही एक बार फिर केंद्र सरकार से नेताजी जयंती को देशप्रेम दिवस के रूप में घोषित करने की मांग दोहरायी.
माकपा नेता डाॅ सूर्यकांत मिश्रा ने कहा कि मौजूदा समय देश के हालात विषम हैं. सांप्रदायिक ताकतें और मजबूत होती जा रही हैं. ऐसे समय में नेताजी के आदर्शों का अनुसरण काफी अहम है. रेड रोड पर नेताजी को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य सरकार की ओर से भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था.
