यूपी पुलिस ने परिजनों की शक्ल में दी 10 लाख ‘फिरौती’
मालदा : उत्तर प्रदेश के अयोध्या (फैजाबाद) जिले के दो रेशम कारोबारियों को अपहर्ताओं के चंगुल से यूपी पुलिस ने मुक्त कराया. अपहृत कारोबारियों का परिजन बनकर यूपी पुलिस ने 10 लाख रुपये ‘फिरौती’ दी और मालदा के एक बड़े होटल से अपहृतों को दबोच लिया.
रविवार दोपहर को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों रेशम कारोबारियों को भी उसी होटल से मुक्त कराया गया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं : सालेख शेख (35), अब्दुल हन्नान (30) और चंदू शेख (34). ये तीनों मालदा जिले के कालियाचक थानांतर्गत चर-बाबूपुर इलाके के निवासी हैं. यूपी पुलिस की टीम ने आरोपियों को अपने साथ ले जाने के लिए पांच रोज की ट्रांजिट रिमांड का आवेदन मालदा अदालत के समक्ष किया है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यूपी के अयोध्या जिले के निवासी और पेशे से रेशम व्यवसायी हामिद खान (45) और जुनेद खान (43) को सऊदी अरब जाने के लिए पासपोर्ट और वीसा दिलाने का प्रलोभन देकर उनका अपहरण किया गया.
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, पिछले दस रोज से दोनों व्यवसायियों को आरोपियों ने मालदा शहर के एक होटल में रखा था. इसी सिलसिले में यूपी की पांच सदस्यीय टीम शहर में तलाशी अभियान चला रही थी. उसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन को ट्रैक करते हुए नेताजी मोड़ तक पहुंचकर छापेमारी की. यूपी पुलिस ने परिजनों के रूप में अपहर्ताओं से संपर्क किया और उन्हें फिरौती की रकम देने के बहाने दबोच लिया. उसके बाद साथ में मौजूद इंगलिशबाजार थाना पुलिस तीनों को थाने ले आयी.
रेशम खरीदने के दौरान आरोपियों से हुआ था परिचय
पूछताछ में दोनों रेशम कारोबारियों ने बताया कि वे दोनों कालियाचक से रेशम खरीदते थे. उसी दौरान उनका परिचय तीनों अपहर्ताओं के साथ हुआ.
बातचीत के क्रम में उन्होंने विदेश जाने के लिये पासपोर्ट और वीसा बनाने का वादा किया. उसके बाद ही उन्होंने व्यापारियों का अपहरण कर उनके परिवारवालों से दस लाख रुपये फिरौती के रूप में मांगी, जिसके सहारे यूपी पुलिस अपराधियों तक पहुंची. मालदा के एएसपी दीपक सरकार ने बताया कि मालदा से यूपी की पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना की जांच की जा रही है.
