कोलकाता : शहर के पॉश पार्क स्ट्रीट इलाके में सोमवार को एक बहुमंजिली इमारत में आग लगने से अफरातफरी मच गयी. आग सोमवार सुबह 11 बजे के करीब आठ मंजिली इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक सिक्योरिटी एजेंसी के दफ्तर में लगी थी. आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी खबर दमकल विभाग को दी.
इधर खबर पाकर पार्क स्ट्रीट व शेक्सपीयर सरणी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. इस इमारत में कई कॉर्पोरेट कार्यालय हैं. सभी दफ्तरों से कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसी बीच आग की भयावहता को देखते हुए दमकल के 10 इंजनों के साथ दमकलकर्मी वहां पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गये.
पुलिस का कहना है कि जिस समय आग लगी थी, उस समय इलाके में मौजूद कई रेस्तरां, पब और कार्यालय से भी लोग बाहर निकल आये थे. इसके कारण ट्रैफिक सेवा पर असर पड़ा. काफी कोशिश के बाद दोपहर एक बजे के करीब आग पर काबू पा लिया गया. ऊंचाई पर आग लगने के कारण दमकल विभाग की तरफ से हाइड्रोलिक सीढ़ी व अन्य कई उपकरणों का इस्तेमाल किया गया.
इस घटना में आपदा प्रबंधन विभाग की टीम को भी राहत व बचाव कार्य में काफी मेहनत करते देखा गया. आग लगने के सही कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. ज्ञात हो कि मार्च 2010 में एपीजे हाउस के नजदीक स्थित स्टीफन कोर्ट में आग लगने की घटना घटी थी, जिसमें 43 लोगों की जान चली गयी थी.
