कोलकाता : अग्निकांड में कुल 24 दवा की दुकानें जलकर खाक हो गयी हैं. ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट इस्टर्न इंडिया के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बागड़ी मार्केट की आग में 24 दवा की दुकानें जल कर खाक हो गयी हैं, जिसमें लगभग 50 से 60 करोड़ रुपये की दवाई रखी हुई थी. मार्केट में अभी तक कोई प्रवेश तो नहीं कर पाया है, लेकिन एक अनुमान के अनुसार सबकुछ जलकर खाक हो गया है. दवा की दुकानों में कुछ नहीं बचा. संगठन की तरफ से प्रभावित दुकानों के मालिकों को हर सहायता मुहैया करायी जायेगी. संगठन की तरफ से जितना हो पायेगा हम करेंगे.
एफडब्ल्यूबीटीए ने पुनर्वासन की मांग की
बागड़ी मार्केट में लगी भीषण आग से हुई तबाही से उबरने में राज्य सरकार यहां के व्यापारियों की मदद करे. फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेड एसोसिएशन (एफडब्ल्यूबीटीए) ने पुनर्वासन की मांग करते हुए पूजा से पहले हुई क्षति के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है. फेडरेशन के चेयरमैन महेश कुमार सिंघानिया ने कहा कि इस संकट की घड़ी में एसोसिएशन व्यापारियों के साथ है. साथ ही उन्होंने केएमसी से उन लोगों के लिए अस्थायी दुकान की व्यवस्था की मांग भी की है. उन्होंने बैंकों, जीएसटी काउंसिल व अन्य संस्थाओं से भी आगे आने की अपील की. उन्होंने इस पर भी आश्चर्य जताया कि हर बार छुट्टी के समय ही इस तरह की घटना क्यों होती है, इसकी भी जांच करने की जरूरत है.
