कोलकाता : ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड ने आनेवाले दो वर्षों में 1000 करोड़ रुपये का गोला-बारुद और अन्य हथियार निर्यात करने का लक्ष्य पूरा करने की उम्मीद जतायी है. गुरुवार को बोर्ड के चेयरमैन सह महानिदेशक पीके श्रीवास्तव ने महानगर में इस बारे में जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि पिछले साल राज्य सरकार के अधीन काम करनेवाले ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड में 250 करोड़ रुपये के रक्षा हथियारों का निर्यात किया गया था.
इस वित्त वर्ष में 500 करोड़ रुपये के हथियारों के निर्यात के एक सौदे पर जल्द ही मुहर लगनेवाली है. श्री श्रीवास्तव ने बताया कि इस साल पहली बार ऐसा हुआ है जब ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड ने विभिन्न फैक्टरियों में तैयार होनेवालीं बंदूकों व अन्य हथियारों को विदेशों में भारतीय दूतावास के जरिये रोड शो करके प्रदर्शित किया है. इससे इन फैक्टरियों में बन रहे अत्याधुनिक हथियारों के बारे में विदेशियों को विस्तार से जानकारी मिलेगी.
पिछले 10 वर्षों में ऐसा कभी नहीं हुआ. इस बार ऑर्डिनेंस फैक्टरियों में बननेवाले तमाम हथियारों को विदेशी बाजारों तक प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक खरीदार मिल सकें. उन्होंने कहा कि ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड के अधीन 41 फैक्टरियां हैं, जहां तमाम तरह के अत्याधुनिक हथियार बनाये जा रहे हैं. समसामयिक बाजारों में प्रतिद्वंद्विता बनाये रखने के लिए अत्याधुनिक तकनीक के साथ-साथ शोध पर ध्यान दिया जा रहा है.
