मोर्चा की ओर से 28 से चाय बागान चलो अभियान
बंद चाय बागानों से आंकड़े का संग्रह किया जायेगा
दार्जिलिंग : चाय श्रमिकों के मन से भ्रम हटाने के लिए मोर्चा के श्रमिक संगठन, दार्जिलिंग तराई डुआर्स प्लांटेशन लेबर यूनियन आगामी मंगलवार यानी 28 अगस्त से चाय बगान चलो अभियान शुरू करने जा रहा है.
शनिवार को शहर के जज बजार स्थित यूनियन के केन्द्रीय कार्यालय में यूनियन की बैठक में केन्द्रीय अध्यक्ष करुणा गुरुंग की विशेष उपस्थित रही. केन्द्रीय महासचिव भरत ठकुरी, प्रचार सचिव मिलन प्रधान, महकमा समिति अध्यक्ष बालम तमांग, महासचिव रतन थापा, साकाल देवान, दावा तमांग भी उपस्थित रहे. दो घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के बाद महकमा समिति अध्यक्ष बालम तमांग ने मीडिया से बात की.
उन्होंने बताया कि मंगलवार से चाय बगान चलो अभियान शुरू किया जायेगा. मंगलवार को धोत्रे, कॉलेज वैली, पेशोक जैसे बंद चाय बगानों की यूनियनों के नेतृत्व के साथ केन्द्रीय नेतृत्व बैठक करेगा. इस दौरान बेकार हुए श्रमिकों के बारे में पूरा आंकड़ा संग्रह करके राज्य श्रम मंत्रालय को भेजा जायेगा.
श्री तमांग ने कहा, पिछले दिनों हम लोग कोलकाता गये थे और राज्य के श्रम मंत्री से मिले थे. बन्द चाय बागानों में श्रमिकों की स्थिति पर काफी देर तक उनसे चर्चा हुई थी.
उस दौरान मंत्री ने हम लोगों से इस बारे में पूरा आंकड़ा मांगा, जिसके लिए काम किया जा रहा है. बुधवार से हम लोग चालू चाय बागानों का रुख करेंगे. इस दौरान श्रमिकों के मन में जो भ्रम है उसे दूर करने के लिए उनकी सभा की जायेगी.
उन्होंने कहा कि कुछ श्रमिक संगठन जान-बूझकर श्रमिकों को भ्रमित कर रहे हैं. तरह-तरह की झूठी फैलायी गयी बातों में श्रमिक भ्रम में फंसे हुए हैं. न्यूनतम मजदूरी पर चाय श्रमिकों में फैले भ्रम को दूर किया जायेगा.
