कोलकाता : एक तांत्रिक के झांसे में आकर घरेलू शांति के लिए एक महिला ने घर में यज्ञ के जरिये 233 ग्राम सोने की आहुति दे दी. घटना नेताजीनगर इलाके की है. पीड़ित महिला का नाम काकोली घोष है. ठगी का शिकार होने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत नेताजीनगर थाने में दर्ज करायी है.
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि घर में शांति कायम के लिए वह एक तांत्रिक के पास गयी थी. उस तांत्रिक ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाया और घर से बुरी आत्माओं को हटाने के लिए एक महायज्ञ कराने की सलाह दी. इस सलाह को मानकर उसने घर में महायज्ञ का आयोजन किया.
पीड़िता का आरोप है कि इस महायज्ञ में तांत्रिक ने शुद्धि के लिए घर में मौजूद सभी धातु को एक घड़े में रखने को कहा. पीड़िता ने 233 ग्राम सोने के आभूषण व चांदी के जेवरात समेत सभी धातु उस घड़े में डाल दिया. घड़े का मुंह ढक कर वह तांत्रिक 60 दिन बाद इसे खोलने को कहकर घर के एक कोने में उस घड़े को रखवाकर यज्ञ समाप्त कर वहां से चला गया.
पीड़िता का आरोप है कि उसने एक सप्ताह में ही घड़े का मुंह खोलकर देखा तो उसमें सभी घातू मौजूद थे, लेकिन सोने व चांदी के जेवरात गायब मिले. इसके बाद उसने तांत्रिक की काफी तलाश की, लेकिन वह अपने ठिकाने को बंद कर फरार था. तब उसने पूरी घटना नेताजीनगर थाने की पुलिस को बतायी. पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर फरार तांत्रिक की तलाश शुरू कर दी है. हालांकि फरार तांत्रिक का पता नहीं चल सका है.
