हावड़ा: पुलिस बलों की मौजूदगी के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से राज्य व्यापी विरोध के कड़ी में गुरुवार को मध्य हावड़ा भाजपा के अध्यक्ष विश्वरुप साहा के नेतृत्व में शिवपुर थाना के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया.
भाजपा के जिला महासचिव देवंजल चटर्जी और माधव दे भी विरोध में शामिल रहे. इस मौके पर थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा गया. वहीं, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष उमेश राय के नेतृत्व में गोलाबाड़ी थाना के समक्ष घेराव व प्रदर्शन में राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की.
संदेशखाली स्थित भाजपा कार्यालय पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए उत्तर हावड़ा भाजयुमो के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि इस प्रकार के हमला सीधे गणतंत्र पर हमला है. राज्य सरकार को ऐसी घटनाओं से निबटने के लिए पुख्ता कदम उठाने और घटना में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. विशाल जायसवाल, रवि मिश्र, राजेश राय, सुरेंद्र जैन व पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता विरोध में शामिल रहे.
