लोन दिलाने के नाम पर शातिर गिरोह ने ठग लिये 1.05 लाख रुपये

लोन दिलाने के नाम पर एक ठेकेदार से 1.05 लाख रुपये की ठगी हुई है. पीड़ित पुलक कुमार दे (61) ने इसकी शिकायत सिंथी थाने में दर्ज करायी है.

कारोबार बढ़ाने के लिए फेसबुक के जरिये लोन देनेवाली कंपनी से साधा था संपर्क

संवाददाता, कोलकातालोन दिलाने के नाम पर एक ठेकेदार से 1.05 लाख रुपये की ठगी हुई है. पीड़ित पुलक कुमार दे (61) ने इसकी शिकायत सिंथी थाने में दर्ज करायी है. वह उत्तर 24 परगना जिले के बादुरिया के रहनेवाले हैं. मौजूदा समय में वह परिवार के साथ सिंथी इलाके में रहते हैं. कोलकाता नगर निगम में ठेकेदारी का कार्य करते हैं. पुलिस के अनुसार पीड़ित ने शिकायत में बताया कि अपने कारोबार को बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने फेसबुक के माध्यम से लोन देनेवाली कंपनी से 25 जनवरी 2026 को दोपहर 3.01 बजे फोन पर बात की थी. कंपनी की ओर से उन्हें कारोबार से संबंधित सभी दस्तावेज लेकर कार्यालय आने को कहा गया. दो फरवरी 2026 को पीड़ित अपनी पत्नी के साथ सोदपुर स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां कंपनी के कर्मचारियों ने सभी दस्तावेज अपने पास रख लिये और दो चेक, एक करेंट और एक सेविंग खाता फॉर्म पर हस्ताक्षर करवाकर जमा कर लिये. कंपनी की ओर से आश्वासन दिया गया कि लोन राशि खाते में जमा होने के बाद कमीशन मिलने पर चेक लौटा दिये जायेंगे. इसके बाद तीन और चार फरवरी को तथाकथित कंपनी के प्रतिनिधियों ने व्यवसाय स्थल और घर पर जाकर सत्यापन के नाम पर फॉर्म पर हस्ताक्षर करवाये और अतिरिक्त चेक भी लिए. चार फरवरी को ही कंपनी की ओर से व्हाट्सएप पर बैलेंस शीट भेजने को कहा गया. बैलेंस शीट में जनवरी और फरवरी 2026 में लेन-देन न होने का हवाला देते हुए कंपनी ने सिविल स्कोर बढ़ाने के लिए एक लाख रुपये खाते में जमा कर 2-3 दिन में निकाल लेने की सलाह दी. पीड़ित ने उधार लेकर चार फरवरी को एक लाख रुपये अपने करेंट अकाउंट में जमा कर दिया. आरोप है कि आरोपियों ने इसके बाद उनसे बैंक स्टेटमेंट मंगवाया और कुछ कोड नंबर पर मिस्ड कॉल देने को कहा. इसके तुरंत बाद पीड़ित की पत्नी के करेंट खाते से एक लाख पांच हजार रुपये निकाल लिये गये. बैंक मैनेजर द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि एक व्यक्ति आधार कार्ड दिखाकर चेक के माध्यम से रकम निकाल कर ले गया. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >