पुरुलिया जिले के रघुनाथपुर 1 नंबर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली तृणमूल कांग्रेस संचालित आडरा ग्राम पंचायत के प्रधान एवं प्रभावशाली टीएमसी श्रमिक नेता तूफान कुमार राय को पुलिस ने रंगदारी, धोखाधड़ी और धमकी देने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है. स्थानीय निवासी रंजन मिश्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आद्रा थाने की पुलिस ने बुधवार देर रात यह कार्रवाई की. बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी पंचायत प्रधान को रघुनाथपुर अनुमंडल अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया.
गौरतलब है कि पिछले काफी समय से पंचायत कार्यालय में अनुपस्थित रहने के आरोपों को लेकर बुधवार को ग्राम प्रधान तुफान कुमार राय को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था. पंचायत भवन के सामने ग्रामीणों के एक समूह ने उन्हें घेरकर जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें: पुरुलिया में लंबे समय से लापता पंचायत प्रधान को देख भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, अंडे मारे जमकर पीटा
स्थिति को बिगड़ता देख आद्रा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. जब पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ग्राम प्रधान को वहां से निकालकर ले जाने का प्रयास किया, तो भीड़ और अधिक उग्र हो गयी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित भीड़ ने तुफान राय को निशाना बनाकर अंडे फेंके और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए.स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि उग्र लोगों ने आरोपी को पुलिस की कस्टडी से छीनने का भी प्रयास किया और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद पुलिस बल ने किसी तरह मशक्कत कर उन्हें उग्र भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित आद्रा थाने पहुंचाया, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया शुरू कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
