शराब, ड्रग्स, लोहा, कोयला, बालू के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के साथ-साथ आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू हुआ है. पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार के निर्देश पर कार्रवाई हो रही. कमिश्नरेट में उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति को लागू किया है. जिसके तहत पिछले दस दिनों में पशु तस्करी के आरोप में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया और इनके पास छह वाहनों के साथ कुल 72 गाय-भैंस और उनके बछड़ों को पुलिस ने जब्त किया.
शनिवार को रानीगंज थाना पुलिस ने पशु तस्करी के आरोप में कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया और इनके वाहन से तीन गाय बरामद किया गया. इनके पास कोई भी वैध कागजात नहीं था. पंजाबी मोड़ पुलिस फांडी के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक सुमन विश्वास की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2)/317(2)/325/291/61(2)/3(5) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 192A/177 के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई. रविवार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. अदालत से आरोपियों को पुलिस रिमांड में भेजा गया.
कब किस थाने में कितने आरोपी पकड़े गये, कितने पशु हुए जब्त
- केस-1 : एक अगस्त रानीगंज थाना में दर्ज केस संख्या 320/26 में कुल तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं. इनके पास से एक वाहन में तीन गाय पुलिस ने बरामद किया. जिसका कोई कागजात नहीं था.
- केस-2 : 27 जुलाई को अंडाल थाना में दर्ज केस संख्या 325/26 में चार लोग गिरफ्तार हुए और इनके पास से एक वाहन में 10 भैंस व आठ बछड़े और छह गाय व चार बछड़ा बरामद किया. कोई कागजात नहीं था.
- केस-3 : 27 जुलाई को दुर्गापुर थाना के दर्ज केस संख्या 422/26 में कुल दो लोग गिरफ्तार हुए और इनके पास एक वाहन में 13 गाय व दो बछड़े तथा चार भैंस व दो बछड़ा पुलिस ने बरामद किया. कोई कागजात नहीं था.
- केस-4 : 24 जुलाई को कांकसा थाना में दर्ज केस संख्या 260/26 में एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ और उसके वाहन से पुलिस ने 17 भैंस बरामद किया. कोई कागजात नहीं था.
- केस-5 : 23 जुलाई को रानीगंज थाना में दर्ज केस संख्या 306/26 में एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ और इसके वाहन से एक गाय और बछड़ा बरामद हुआ. कोई कागजात नहीं था.
- केस-6 : 23 जुलाई को रानीगंज थाना के दर्ज केस संख्या 307/26 में चार लोग गिरफ्तार हुए, इनके पास से जब्त वाहन में एक गाय बरामद हुआ. कोई कागजात नहीं था.
पशु क्रूरता की सारी हदें कर दी पार
रानीगंज थाना केस संख्या 307/26 में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया. इनके पास हुंडई केज कार थी, जिसमें चार लोग थे और पीछे डिक्की में गाय को रखा गया था. जब उसे निकाला गया, तब उसकी हालत दयनीय थी. पुलिस ने उसका इलाज कराया और गौशाला में दे दिया. सभी मामलों में ही लगभग एक ही क्रूरता देखने को मिली.
