हाईवे कर्मियों की छंटनी के खिलाफ पालसीट में प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी कर्मियों ने बताया कि दो दिनों में 30 से अधिक साथियों की अचानक छंटनी कर दी गयी है.

तृणमूल श्रमिक संगठन के बैनर तले कर्मियों ने हाईवे अवरोध कर जताया विरोध बर्दवान/पानागढ़. पूर्व बर्दवान जिले के पालसीट के पास हाईवे निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों ने शुक्रवार को अचानक सड़क अवरुद्ध कर विरोध जताया. प्रदर्शनकारी कर्मियों ने बताया कि दो दिनों में 30 से अधिक साथियों की अचानक छंटनी कर दी गयी है. इससे नाराज होकर उन्होंने हाईवे अवरोध कर विरोध प्रदर्शन किया और एक ज्ञापन भी सौंपा.

छंटनी से पहले नहीं दी गयी कोई सूचना

कर्मियों ने आरोप लगाया कि पालसीट से डानकुनी तक 19 नंबर हाईवे के निर्माण कार्य में लगी आरबी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के लगभग 30 कर्मियों को हटा दिया. इस संस्था में करीब ढाई सौ कर्मी काम करते हैं.

कर्मियों का कहना है कि दुर्गापूजा और अन्य त्योहारों से पहले जब बोनस और छुट्टियों की उम्मीद होती है, तब अचानक छंटनी करना अमानवीय है. इस वजह से कई परिवारों की आजीविका संकट में पड़ गयी है.

तृणमूल समर्थित संगठन ने किया नेतृत्व

प्रदर्शनकारी तृणमूल कांग्रेस श्रमिक संगठन के झंडे के साथ सड़क पर उतरे. जमालपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस श्रमिक संगठन के अध्यक्ष तबारक अली ने कहा कि दुर्गापूजा से पहले ही कंपनी द्वारा 30 कर्मियों की छंटनी अनुचित है.

उन्होंने कहा कि हम काम चाहते हैं, छंटनी नहीं. इस दिन हमने शांति पूर्ण तरीके से विरोध जताया है और कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा है. संगठन की ओर से चेतावनी दी गई है कि अगर छंटनी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन तेज किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >