लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पूर्व बर्दवान जिले के गलसी-1 प्रखंड अंतर्गत बुदबुद थाना क्षेत्र में मानकर-खामारग्राम मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया. इससे इस अहम मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश से सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गयी थी. बुधवार देर रात सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया. इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, छात्र, नौकरीपेशा लोग और छोटे व्यापारी आवागमन करते हैं. सड़क क्षतिग्रस्त होने से बाजार, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है.
भाजपा नेताओं ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. युवा मोर्चा अध्यक्ष संदीप राय, जिला युवा मोर्चा सचिव सुरजीत नारायण, मीडिया प्रभारी विभास राउत, मानकर शक्ति केंद्र के वरिष्ठ कार्यकर्ता बुद्धदेव मंडल, संजीव समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सड़क का निरीक्षण कर इसे खतरनाक बताया. उन्होंने मामले की सूचना बुदबुद थाना पुलिस को दी और लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की.
पुलिस ने लगायी बैरिकेडिंग
सूचना मिलने पर बुदबुद थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से के चारों ओर बैरिकेड लगा दिये और लोगों को वहां से दूर रहने की सलाह दी. भाजपा नेताओं ने सड़क की शीघ्र मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग करते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन का आभार जताया.
