छह किलो गांजा संग कुमारधुबी के हारू व उमेश हीरापुर से गिरफ्तार, भेजे गये हवालात, पुलिस की बढ़ी चौकसी

एक बार नहीं, कई बार यह साफ हुआ है कि पड़ोसी राज्य झारखंड से भारी मात्रा में गांजा शिल्पांचल में सप्लाई होता है.

आसनसोल.

एक बार नहीं, कई बार यह साफ हुआ है कि पड़ोसी राज्य झारखंड से भारी मात्रा में गांजा शिल्पांचल में सप्लाई होता है. अनेकों बार भारी मात्रा में गांजा के साथ आरोपी पकड़े गये, जो झारखंड से गांजा लेकर शिल्पांचल में सप्लाई करने के लिए आ रहे थे. इस मामले में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट(एडीपीसी) की पुलिस को एक बार फिर सफलता मिली. हीरापुर थाना पुलिस ने न्यूटाउन के इस्को बाइपास रोड पर नाकाबंदी करके बाइक सवार दो लोगों के पास से तीन पैकेट में 6.115 किलोग्राम गांजा पकड़ा. दोनों आरोपियों की पहचान धनबाद (झारखंड) जिला के कुमारधुबी एगारहकुंड इलाके निवासी हारू गराई (45) और उमेश राजबंशी (42) के तौर पर हुई. हीरापुर थाना के अवर निरीक्षक लिटन मंडल की शिकायत पर दोनों आरोपियों पर केस नंबर 149/25 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. जांच अधिकारी अवर निरीक्षक सुमन सिंह की अपील पर अदालत ने आरोपियों को छह दिनों की पुलिस रिमांड में हवालात भेज दिया.

क्या है पूरा मामला

अवर निरीक्षक लिटन मंडल ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दो लोग इलाके में गांजा सप्लाई करने के लिए आनेवाले है. इस सूचना के आधार पर उन्होंने पूरा जाल बिछाया, जिसमें गांजा समेत दोनों आरोपी फंस गये. इनके पास से 2.030 किलो, 2.035 किलो और 2.050 किलो के कुल तीन पैकेटों से गांजा बरामद हुआ.

माह में दो-तीन बार शिल्पांचल में गांजा सप्लाई करने आते थे ये लोग

प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी महीने में दो से तीन बार शिल्पांचल के विभिन्न इलाकों में आकर गांजा सप्लाई किया करते थे. ये लोग किसे गांजा सप्लाई करते थे? पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है. सूत्रों के अनुसार इनलोगों ने अबतक अपने ग्राहकों का नाम नहीं बताया है. पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड अवधि में इनके ग्राहकों की जानकारी मिल जाएगी और उन्हें भी दबोच लिया जाएगा.

हाल में पकड़ी गयी गांजे की खेप

पांच अप्रैल 2026 को नाका जांच के दौरान आसनसोल जुबलीमोड़ के पास बोकारो से आ रही एक बस से 22.4 किलो गांजा बरामद हुआ. किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई.

26 मार्च 2026 को जुबली मोड़ पर नाका जांच के दौरान धनबाद से आ रही एक बस से 10.305 किलो गांजा बरामद हुआ. किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई.

21 दिसंबर 2025 को आसनसोल एचएलजी मोड़ के पास धनबाद से आ रही एक बस को रोककर जांच की गयी, तो 16.5 किलो गंजा बरामद हुआ. एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ.

स्कूली बच्चों तक सहज ही पहुंच रहा ड्रग्स, पुलिस की बढ़ी परेशानी

शिल्पांचल में स्कूली बच्चों तक आसानी से ड्रग्स पहुंच जा रहा है, जिसे लेकर अभिभावकों के साथ पुलिस की परेशानी बढ़ी हुई है. नशे के इस कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के तहत एडीपीसी की ओर से जल्द ही विशेष अभियान छेड़ा जायेगा. जागरूकता के साथ-साथ एक्शन का दौर भी चलेगा. पुलिस के उच्चाधिकारी ने बताया कि पुलिस की निगरानी बढ़ेगी और स्कूल व कॉलेजों में इसे लेकर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >