खड़गपुर से जीतेश की रिपोर्ट
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपये की उगाही करने वाले 'हनी ट्रैप' गैंग का खड़गपुर टाउन थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस ने खड़गपुर शहर के झोली इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से अपने शिकार चुनता था.
ऐसे करता था गिरोह काम
सबसे पहले आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और गुप्त डेटिंग ऐप पर फर्जी पहचान बनाकर युवकों से दोस्ती करते थे. कुछ दिनों तक प्रेम-प्रसंग का नाटक रचने के बाद उन्हें मिलने के बहाने एक सुनसान मकान में बुलाया जाता था. जैसे ही युवक वहां पहुंचता, उसके निजी पलों का चोरी-छिपे वीडियो बना लिया जाता. इसके कुछ ही देर बाद गिरोह के अन्य सदस्य खुद को युवती के परिजन या रिश्तेदार बताकर मौके पर पहुंचते और युवक को घेर लेते. इसके बाद अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग की जाती थी.
कई लोग हो चुके हैं ब्लैकमेलिंग के शिकार
पुलिस के अनुसार कई पीड़ितों से जबरन स्टांप पेपर पर माफीनामा भी लिखवाया जाता था, ताकि भविष्य में वे पुलिस के पास जाने की हिम्मत न कर सकें. मानसिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से कई लोग इस गिरोह की ब्लैकमेलिंग के शिकार बनते रहे. प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई युवकों को अपना शिकार बना चुका है. पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है.
पुलिस कर रही है बैंक खातों की जांच
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस गिरोह के तार दूसरे जिलों या राज्यों से तो नहीं जुड़े हैं.खड़गपुर टाउन थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं. यदि कोई ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो बिना डरे तुरंत पुलिस से संपर्क करें.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पूरी घटना की बड़ी बातें एक नजर में
सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप से युवकों को बनाया जाता था निशाना. सुनसान मकान में बुलाकर बनाए जाते थे निजी वीडियो वीडियो. वायरल करने की धमकी देकर वसूले जाते थे हजारों-लाखों रुपये. स्टांप पेपर पर जबरन माफीनामा लिखवाने का भी खुलासा. दो महिलाओं समेत सात आरोपियों गिरफ्तार. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस.
Also Read: उत्तर बंगाल में पर्यटन को नयी उड़ान, सैंडकफू में बनेंगे पर्यावरण अनुकूल 10 कंटेनर होम
