कांकसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई अवैध बालू से लदे 36 ट्रैक्टर जब्त

पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना की पुलिस ने मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों की गुप्त सूचना पर एक विशेष अभियान चलाकर अवैध बालू से लदे करीब 36 ट्रैक्टरों को जब्त किया है.

पानागढ़.

पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना की पुलिस ने मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों की गुप्त सूचना पर एक विशेष अभियान चलाकर अवैध बालू से लदे करीब 36 ट्रैक्टरों को जब्त किया है. इलाके में अवैध बालू के खिलाफ अब तक की यह सबसे बड़ी धर-पकड़ कार्रवाई मानी जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों का साफ कहना है कि ये सभी बालू लदे ट्रैक्टर डब्लू नामक बालू कारोबारी के घाट से आ रहे थे. घाट से इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों को निकलते देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और भूमि राजस्व विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी.

विधायक ने भी पुलिस को दी थी सख्त कार्रवाई की हिदायत

हाल ही में दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने कांकसा के सिलामपुर में डब्लू द्वारा चलाए जा रहे अवैध बालू घाट का मुद्दा उठाया था. उन्होंने पुलिस प्रशासन को इस दिशा में उपयुक्त कदम उठाने की सख्त हिदायत दी थी. मंगलवार को स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस के त्वरित एक्शन के कारण इतनी बड़ी संख्या में अवैध वाहनों को पकड़ने में सफलता मिली है.

बिना वैध दस्तावेजों के रात के अंधेरे में चल रहा था कारोबार

स्थानीय ग्रामीण राज चक्रवर्ती ने बताया कि ये समस्त बालू लदे ट्रैक्टर पूरी तरह अवैध हैं और इनके चालकों के पास कोई वैध सरकारी दस्तावेज या चालान नहीं था. ग्रामीणों ने शिकायत की है कि रात के अंधेरे में भारी वाहनों के बेधड़क चलने के कारण उनके मकानों तक को क्षति पहुंची है. ग्रामीणों की मांग है कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत केवल दिन के समय ही नियम मानकर वैध रूप से बालू का परिवहन किया जाए. पुलिस और कांकसा भूमि राजस्व विभाग ने पकड़े गए ट्रैक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >