दुर्गापुर से अविनाश यादव की रिपोर्ट
Jamtara Gang Cyber Criminals Arrested: पश्चिम बंगाल पुलिस ने साइबर क्राइम के लिए बदनाम झारखंड के जामताड़ा जिले के 4 लोगों को दुर्गापुर से गिरफ्तार किया है. मंगलवार को यह कार्रवाई पश्चिम बर्धमान जिले के कोकओवन थाने की पुलिस ने की. पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गापुर स्टेशन से सटे साधु डांगा स्थित एक लॉज से इन साइबर क्रिमिनल्स को गिरफ्तार किया गया है. ये लोग देवघर एवं मधुपुर इलाके के रहने वाले हैं.
गिरफ्तार साइबर क्रिमिनल्स के नाम
- गणेश सरदार
- सचिन दास
- जितेंद्र कुमार दास
- सुरेंद्र दास
लॉपटॉप, मोबाइल, एटीएम व अन्य दस्तावेज जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किये जाने वाले लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये हैं. पुलिस ने बताया है कि शुरुआती जांच में आरोपियों के तार कथित तौर पर जामताड़ा गैंग से जुड़े होने की बात सामने आयी है.
ये भी पढ़ें: आसनसोल में बढ़े साइबर ठगी के मामले, पहले महीने में 8 केस दर्ज होते थे, 5 दिन में हुई 10 FIR
लॉज में बैठकर लोगों से करते थे ठगी
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जतायी है कि ये आरोपी लॉज में बैठकर देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों से फोन अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से संपर्क करते थे. अलग-अलग तरीकों से लोगों को भ्रमित कर उनसे पैसे ऐंठना इस गिरोह का मुख्य उद्देश्य था.
पुलिस से बचने के लिए बदलते रहते थे लॉज
जांच में यह भी पता चला है कि पुलिस से बचने के लिए ये लोग लंबे समय तक एक ही होटल या लॉज में नहीं रुकते थे. कुछ समय के अंतराल पर ये लोग अपना ठिकाना बदल लेते. इससे उनकी गतिविधियों का पता लगाना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा था.
ये भी पढ़ें: 9 बैंक खाते और 72 करोड़ का साइबर फ्रॉड, 7 गिरफ्तार, नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी दुर्गापुर में ठहरे हैं. इसके बाद सटीक सूचना के आधार पर साधू डांगा इलाके के लॉज में छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया.
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ छेड़ा अभियान
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर (ईस्ट) रासप्रीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी देवघर के रहने वाले हैं. ये लोग इसी लॉज में बैठकर लोगों से ठगी कर रहे थे. उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न होटल और लॉज में पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: 600 करोड़ के साइबर स्कैम में उद्योगपति पवन रुईया कोलकाता से गिरफ्तार
गिरोह के नेटवर्क का सुराग मिलने की पुलिस को उम्मीद
बरामद लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच से पुलिस को गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि दुर्गापुर में होटल और लॉज को ठगी का अड्डा बनाकर संचालित किये जा रहे ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
