Census 2026 News: वर्ष 2026 में चल रही देशव्यापी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर पश्चिम बर्धमान ओबीसी कांग्रेस ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम डेवलपमेंट को ज्ञापन देकर ओबीसी आबादी का अलग आंकड़ा दर्ज करने की मांग की.
पश्चिम बर्धमान जिला ओबीसी चेयरमैन राजेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार जातिगत जनगणना और ओबीसी की वास्तविक आबादी का आंकड़ा सामने लाने की मांग उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आंकड़े अलग उपलब्ध हैं, लेकिन ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं है.
राहुल गांधी के निर्देश पर ज्ञापनराजेश्वर शर्मा ने कहा कि देश में ओबीसी की आबादी करीब 60 प्रतिशत और मतदाताओं में हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन इसकी वास्तविक जनसंख्या का स्पष्ट आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है.
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी तथा प्रदेश कांग्रेस के वाइस प्रेसिडेंट और ओबीसी विभाग की चेयरमैन डॉ माया घोष के निर्देश पर ज्ञापन दिया गया है. शर्मा के अनुसार, एडीएम डेवलपमेंट ने ज्ञापन स्वीकार कर इसे उच्च स्तर तक भेजने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर राहुल गांधी के निर्देश पर संगठन शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन करेगा.
