पश्चिम बर्धमान जिले के इस्माइल के बंगाल होम्योपैथी कॉलेज परिसर में 42 बहुमूल्य पेड़ों की कथित कटाई को लेकर विवाद गहरा गया है. मामले में हीरापुर थाना, वन विभाग व राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से लिखित शिकायत की गयी है. इसकी प्रति (कॉपी) नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल को भी भेज दी गयी है.
समाजसेवियों ने उठाये सवाल
समाजसेवी अनिल मिश्रा, विश्वनाथ मित्र और अन्य स्थानीय लोगों ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर आरोप लगाया कि वर्षों पुराने सागौन और साल के पेड़ों को बिना अनुमति काट दिया गया. उनका दावा है कि जुलाई के पहले शनिवार और रविवार को पेड़ों की कटाई की गयी. उन्होंने दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई और बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने की मांग की. उनका कहना है कि बिना अनुमति पेड़ काटना वेस्ट बंगाल ट्रीज (प्रोटेक्शन एंड कंजर्वेशन इन नॉन-फॉरेस्ट एरिया) एक्ट, 2006 का उल्लंघन है.
कॉलेज प्रशासन व जांच एजेंसियों की कार्रवाई
कॉलेज के प्राचार्य रामकृष्ण भट्टाचार्य ने कहा कि उन्होंने भी चार विभागों में लिखित शिकायत दर्ज करायी है और उन्हें पहले से पेड़ों की कटाई की जानकारी नहीं थी. हालांकि, कॉलेज के कुछ शिक्षकों ने इस दावे पर सवाल उठाये हैं. वन विभाग और पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों और कॉलेज प्रशासन दोनों की शिकायतें मिली हैं तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
