बर्नपुर के न्यू टाउन इलाके में बड़े हादसे की आशंका, जांच की मांग

बर्नपुर के न्यू टाउन इलाके में बिजली पोल के पास जमीन से लगातार धुआं निकलने से लोग दहशत में हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है.

आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 75 अंतर्गत न्यू टाउन इलाके में पिछले करीब तीन महीनों से एक बिजली के पोल (लाइट पोस्ट) के नीचे से लगातार धुआं निकलने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. बारिश के दौरान जमीन के भीतर से निकलता धुआं देखकर आसपास के लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से भयभीत हैं. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी जांच नहीं हुई तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान से धुआं निकल रहा है, उसके आसपास घनी आबादी, कई दुकानें और मकान मौजूद हैं. ऐसे में यदि जमीन के नीचे कोई आग या गैस का रिसाव हो रहा है तो यह पूरे इलाके के लिए खतरा बन सकता है. स्थानीय निवासी जगन्नाथ माजी ने बताया कि उनकी दुकान घटनास्थल के ठीक सामने है. पिछले कई दिनों से, विशेषकर बारिश होने पर, वह देख रहे हैं कि लाइट पोस्ट के पास जमीन के नीचे से लगातार धुआं निकलता है. इस कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में आईएसपी (इस्को) के नगर सेवा विभाग सहित कई संबंधित विभागों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक किसी भी विभाग ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने की पहल नहीं की. जगन्नाथ माजी का कहना है कि यह इलाका नरसमुंदा कोलियरी के अंतर्गत आता है. आशंका है कि जमीन के नीचे किसी स्थान पर कोयले में आग लगी हो, जिसके कारण धुआं बाहर निकल रहा है. उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर घनी बस्ती बसी हुई है, इसलिए लोग लगातार भय के माहौल में जी रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसनसोल नगर निगम, जियो कंपनी और संबंधित विभाग इस मामले की जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं. आईएसपी के अधिकारी भी मौके का निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मामले की सूचना प्रशासन को दे दी गई है. उनका कहना है कि जमीन के नीचे से लगातार धुआं निकलना सामान्य घटना नहीं है और इसकी तत्काल वैज्ञानिक जांच कराई जानी चाहिए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विशेषज्ञों की टीम भेजकर यह पता लगाया जाए कि जमीन के नीचे से निकलने वाला धुआं किस कारण से आ रहा है, कहीं यह जहरीली गैस या कोयले में लगी आग का संकेत तो नहीं है. लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई कर उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh vishwakarma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >