Birbhum Bomb Blast: बीरभूम जिले के काकड़तला थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडांगा गांव में स्थित एक धार्मिक स्थल पर शुक्रवार को बम फेंके जाने के बाद शनिवार को इलाके में तनाव व्याप्त है. सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल को इलाके में तैनात कर दिया गया है. इस मामले में 4 प्राथमिकी दर्ज की गयी है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी.
गिरफ्तार 4 लोग 2 दिन की पुलिस रिमांड में
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में समाचार लिखे जाने तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनके नाम शेख जलाल, शेख बड़जहां, राजू शेख और रंजीत मंडल हैं. शनिवार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने सभी को 2 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
पुलिस ने कहा- यह कोई धार्मिक मुद्दा नहीं
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी, तो आगे भी इनकी रिमांड की मांग कोर्ट से की जायेगी. अधिकारी ने बताया कि यह कोई धार्मिक मुद्दा नहीं है. टोटो चोरी को लेकर कुछ लोगों के बीच आपस में मारपीट हुई थी, जिसमें अनिसुर शेख नामक व्यक्ति घायल हो गया. इसके बाद बम फेंके जाने की घटना सामने आयी.
ये भी पढ़ें: बीरभूम में बमों की बरामदगी का सिलसिला जारी, सैंथिया बना सबसे संवेदनशील इलाका
बमबाजी के कारणों का पता लगायेगी पुलिस
धार्मिक स्थल पर बम क्यों फेंके गये, इसका पता लगाने के लिए ही पुलिस ने गिरफ्तार किये गये 4 लोगों की रिमांड ली है. रिमांड के दौरान इनसे इस संबंध में व्यापक पूछताछ की जायेगी और बमबाजी के कारणों का पता लगाया जायेगा.
ये भी पढ़ें: बीरभूम में बम रखने के दौरान विस्फोट, उप प्रधान का करीबी युवक गंभीर रूप से घायल
