आठ महीने से नहीं हो रहा उत्पादन न्यूकेंदा कोलियरी के चार नंबर पिट में
रोजी-रोटी की समस्या से जूझ रहे हैं श्रमिक
हरिपुर : केंदा एरिया अन्तर्गत न्यूकेंदा कोलियरी चार नंबर पिट को पुनः चालू करने की मांग पर इंटक, केएमसी तथा डब्ल्यूबीसी ने सभा और प्रदर्शन का आयोजन किया. सभा को संबोधित करते हुये इंटक शाखा सचिव पार्थ भट्टाचार्य ने कहा कि न्यूकेंदा कोलियरी चार नंबर पिट पिछले आठ महीने से बंद है. प्रबंधन ने आग और गैस का हवाला देकर इसे बंद कर दिया है. यहां काम करने वाले श्रमिकों को बार-बार आश्वासन दिया जाता है कि जल्द ही पिट में काम शुरू हो जायेगा लेकिन पिट को चालू नहीं किया गया. यहां के श्रमिकों का अन्यत्र तबादला करने की कोशिश की जा रही है. लेकिन यूनियनों के दबाव के कारण ही किसी का तबादला नहीं हो सका. फिर भी कब तक प्रबंधन श्रमिकों को बैठाकर रखेगा. कोलियरी चालू नहीं होने से सभी को दूसरी कोलियरियों की ओर रुख करना पड़ेगा.
न्यूकेंदा कोलियरी चार नंबर पिट जल्द चालू करनी होगी. सभा को केएमसी नेता सुरेश राम, डब्ल्यूबीसीएस के राजवल्लव यादव आदि ने संबोधित किया. प्रदर्शन के बाद कोलियरी एजेंट यूएस चौबे तथा प्रबंधक इंद्रनील चटर्जी ने पिट को दस दिनों के अंदर चालू करने का आश्वासन दिया. उसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया.
हरिपुर. सस्पेंशन ऑर्डर वापस लेने की मांग पर सीएमसी(एचएमएस) ने केंदा एरिया की ओअरकेंदा कोलियरी पिट पर सहायक प्रबंधक मनोज कुमार का घंटों घेराव किया. प्रबंधन के सस्पेंशन ऑर्डर वापस लेने पर श्रमिक शांत हुये. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे कौशिक घोष, शिवनाथ घोष तथा बीएन कोइरी ने बताया कि लोअरकेंदा कोलियरी चार नंबर पिट में काम करने वाले तीन श्रमिक बापादित्य राय, सुकांत रूइदास और बबलू मांझी तीनों माइनिंग डिप्लोमा कर रहे हैं. सीएमसी(एचएमएस) के महामंत्री एसके पांडे ने केंदा महाप्रबंधक से अनुरोध किया था कि डिप्लोमा कोर्स पूरा होने तक तीनों से सिफ्टिंग ड्यूटी न कराया जाये. महाप्रबंधक ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर तीनों से एक ही सिफ्ट में ड्यूटी लेने का आश्वासन दिया था. बावजूद इसके सहायक प्रबंधक मनोज कुमार तीनों से सिफ्टिंग ड्यूटी करा रहे हैं. इन्होंने जब कैजुअल छुट्टी मांगी तो सहायक प्रबंधक ने देने से साफ मना कर दिया.
उन्होंने तीनों को धमकी भी दी. इन्होंने जब इसका विरोध किया तो उन्हें सस्पेंड कर दिया गया. गलत तरीके से उनके सस्पेंशन के विरोध में आंदोलन कर सस्पेंशन ऑर्डर वापस लेने की मांग की गयी. इस दौरान सीएमसी(एचएमएस) यूनियन को कोलियरी में मान्यता देने की भी मांग की गयी. घेराव के बाद कोलियरी एजेंट आरआर कांत तथा प्रबंधक ने सभी मांगें मान ली. इसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया. आंदोलन को सफल बनाने में असित मंडल, कौशिक घोष, मनोरंजन मंडल, इरशाद खान, परितोष मंडल और शेख हसमत सहित अन्य नेता व समर्थक उपस्थित थे.
