स्थानीय लोगों व पुलिस ने घायलों को इलाज के लिये भेजा
फरक्का : मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा थाना अंतर्गत एनएच-34 पथ पर बेगुनबाड़ी के समीप शनिवार की अहले सुबह एक गैर सरकारी बस के अनियंत्रित होकर नयनजली झील में गिर जाने से मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 18 लोग घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस व स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच कर लोगों की मदद से मृतक व घायलों को बाहर निकाला. एसपी मुकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. बाद में क्रेन के माध्यम से झील से बस को बाहर निकाला गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस मुर्शिदाबाद के नवादा के आमतला से यात्रियों को लेकर बहरमपुर की ओर शनिवार की अहले सुबह तेजी से आ रही थी. घने कोहरे की वजह से चालक संतुलन खो बैठा और बस सीधे झील में गिर गयी. घटना के तुरंत बाद सूचना पर स्थानीय प्रशासन व काफी संख्या में स्थानीय लोग वहां पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को निकालना शुरू किया. इस बीच पानी में अधिक देर तक फंसे रहने के कारण 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं 18 लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है. घायल पांच यात्रियों का इलाज बेलडांगा के एक अस्पताल में कराया जा रहा है. जबकि बाकी सभी का इलाज बहरमपुर जिला मेडिकल अस्पताल में चल रहा है.
आमतला से यात्रियों को लेकर बहरमपुर की ओर जा रही थी बस
जिनकी मौत हुई है
दुर्घटना में मारे गये लोगों में नवादा निवासी मैनुद्दीन शेख (54), सारोक नाथ दत्त (45), शांति मंडल (48), कदिया निवासी आरोज अली (54), आमतला निवासी पूर्णिमा राय (58), त्रिमोहनी निवासी साफिकुल शेख (42), बेलडांगा फतेहनगर निवासी आतिश मंडल (50), बीरभूम निवासी रेमा (6) सहित अन्य दो लोग शामिल हैं.
